समाजवादियों ने देखी एसिड अटैक पीड़िता की जिंदगी पर बनी फिल्म ‘छपाक’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसिड अटैक पीड़िता की त्रासद जिंदगी पर बनी फिल्म ‘छपाक’ देखी। फिल्म देखने वालों में युवाओं, खासतौर से छात्राओं की खासी संख्या रही। एसिड अटैक पीड़िताओं ने भी उनके साथ फिल्म देखी।
दीपिका पादुकोण की ‘छपाक’ की रिलीज के पहले ही दिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं व नेताओं के लिए गोमतीनगर स्थित एक मॉल के मल्टीप्लेक्स में शो बुक कराए। फिल्म देखने वालों में सपा के राष्ट्रीय सचिव व मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता भी थीं।
चौधरी ने कहा, यह फिल्म एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल की जिंदगी पर आधारित है। यह फिल्म दर्शकों की चेतना को बार-बार झकझोरती है। उम्मीद और अंतत: सम्मान के साथ जीवन जीने का संदेश देती है। भाजपाई और महिला विरोधी ही इस फिल्म का विरोध कर रहे हैं।
महिलाओं को ट्रिपल सुरक्षा की जरूरत
फिल्म के प्रदर्शन से पहले राजेंद्र चौधरी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि सपा महिलाओं के मान-सम्मान की सुरक्षा और एसिड अटैक पीड़िताओं के लिए बेहतर अवसरों के प्रति गंभीर है। महिलाओं को घर, कार्यस्थल और सड़कों समेत सभी जगह उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। ट्रिपल तलाक से समस्या हल नहीं हो सकती। महिलाओं को ट्रिपल सुरक्षा की जरूरत है।
लखनऊ में महिलाएं सर्वाधिक असुरक्षित
चौधरी ने कहा, हाल ही नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट में बताया गया है कि लखनऊ महिलाओं के लिए सर्वाधिक असुरक्षित है। यहां वर्ष 2018 में 2736 अपराध हुए, जिनमें ज्यादातर महिलाओं से संबंधित हैं। भाजपा राज में जब राजधानी का यह हाल है तो पूरे प्रदेश में क्या होगा? भाजपा ने 1090 वीमेन पावर लाइन और डायल 100 की व्यवस्थाएं चौपट कर दीं।
अखिलेश ने की थी एसिड अटैक पीड़िताओं की मदद
चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा से लखनऊ तक एसिड अटैक पीड़िताओं की मदद की थी। लखनऊ में शीरोज कैफे उन्हीं की देन है जिसे एसिड अटैक पीड़िताएं संचालित करती हैं। भाजपा तो उसे बंद कराना चाहती है। अखिलेश व डिम्पल यादव उनकी मदद के लिए खुद शीरोज कैफे गए, तब जाकर उसे बचाया जा सका।