यात्रियों को मिलेगी राहत, इन तीन जोड़ी ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
गर्मी की छुट्टी के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे तीन जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाएगा। इसमें दो ट्रेनें मुम्बई जाने के लिए व एक चारबाग से वाराणसी के बीच चलने वाली है। 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में पांच व सात मई को गोरखपुर से और वापसी में पनवेल से छह व आठ मई को स्लीपर का अतिरिक्त कोच लगेगा।
ऐसे ही 15063 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में गोरखपुर से छह मई को और लोकमान्य तिलक से सात मई को स्लीपर का एक अतिरिक्त कोच लगेगा। वहीं,15008 लखनऊ जंक्शन-वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस में पांच मई को लखनऊ जंक्शन से और चार व छह मई को वाराणसी सिटी से एक स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
चंडीगढ़ एक्सप्रेस में लगेगी एलएचबी
लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली चंडीगढ़ एक्सप्रेस को अत्याधुनिक बनाने के लिए एलएचबी बोगियां लगाने की तैयारी है। मई के अंत तक बोगियां बदल दी जाएंगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी की सभी ट्रेनों को एलएचबी में बदला जाना है।
इससे पहले चंडीगढ़ एक्सप्रेस में लगे पुराने नीले रंग वाली बोगियों की जगह प्रोजेक्ट उत्कृष्ट के तहत सुनहरे रंगों वाली बोगियां लगाई गई थीं। पहले पुरानी कोच वाली दूसरी ट्रेन में एलएचबी बोगियां लगेंगी, फिर उत्कृष्ट कोच वाली ट्रेन बदली जाएगी। एलएचबी बोगियाें में हादसा होने पर कम नुकसान पहुंचता है।