यूपी की सड़कों की सूरत बदलने के लिए सीएम ने यहां से की 1950 करोड़ की व्यवस्था
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एडीबी के चेयरमैन ताकीहिको नकाओ भी मौजूद थे। इसके पहले हुई बैठक में एडीबी के अधिकारियों ने ऊर्जा, नियोजन, परिवहन और नगर विकास के क्षेत्र में सहयोग देने पर भी सहमति जताई।
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि एडीबी के साथ ऊर्जा, नगर विकास, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में सहयोग लेने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। नगर विकास विभाग ने प्रदेश में स्मार्ट सिटी के विकास और बुंदेलखंड व पूर्वांचल में सतही जल आधारित पेयजल से संबंधित परियोजनाओं में एडीबी से तकनीकी सहायता के लिए कर्ज लेने पर विचार-विमर्श किया।
ऊर्जा विभाग ने आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार की संभावनाओं को तलाशा। ऊर्जा विभाग ने एडीबी से पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को एनर्जी ऑडिट और ईआरपी के लिए तकनीकी सहायता लेने का सुझाव रखा।
इसी तरह से परिवहन विभाग ने सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए सिमुलेटर लगाने, ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनाने और वाहनों के निरीक्षण के लिए इंस्पेक्शन और सर्टिफिकेशन सेंटर की स्थापना के लिए एडीबी से सहयोग के बाबत बात की।
2 प्रतिशत ब्याज की दर पर बतौर ऋण मिलेगा धन
2782 करोड़ रुपये लागत की उत्तर प्रदेश मुख्य जिला सड़क विकास परियोजना में 1950 करोड़ रुपये एडीबी देगा, जबकि 832 करोड़ रुपये राज्यांश होगा। एडीबी यह राशि 2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर पर बतौर ऋण देगा।
परियोजना वर्ष 2024 में पूरी होगी। इसके तहत 12 जिलों में स्थित 431 किमी लंबे 8 प्रमुख जिला मार्गों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण के बाद अगले पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था की होगी।
इन सड़कों के निर्माण के लिए एडीबी से मिलेगी धनराशि
मोहनलालगंज-मुरावा-उन्नाव मार्ग, कप्तानगंज-हाता (देवरिया व कुशीनगर), हसनपुर-अलीपुर-बेलवा(फतेहपुर), नानऊ-दादऊ(अलीगढ़), मुजफ्फरनगर-बड़ौत, अलियापुर-कूढ़ेभार(सुल्तानपुर), बुलंदशहर-अनूपशहर और अलीगंज-सोरों मार्ग (अलीगढ़)।
भारतीय करेंसी में ऋण वापसी पर एडीबी तैयार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि किसी भी संस्था से ऋण लेने पर उसे डॉलर में वापस करना होता है। इस मुद्दे पर हमने एडीबी के चेयरमैन से बात की। उनसे कहा कि अगर ऋण वापसी भारतीय करेंसी में स्वीकार कर ली जाए तो इससे बहुत सुविधा होगी। सीएम ने बताया कि इस पर एडीबी के चेयरमैन का रुख काफी सकारात्मक था और उन्हें पूरी उम्मीद है कि बैंक भारतीय करेंसी में ऋण वापसी स्वीकार कर लेगा।
यूपी के विकास के लिए देंगे हरसंभव मदद : नकाओ
एडीबी के चेयरमैन ताकीहिको नकाओ ने कहा कि सड़क निर्माण के ये प्रस्ताव पिछले साल मिले थे, लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में समझौते को अंतिम रूप दिया जा सका। उन्होंने कहा कि यूपी जैसे विशाल राज्य के विकास में एडीबी हरसंभव मदद देगा।
क्षमता निर्माण के लिए तकनीकी मदद दिलवाने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि यूपी की गंगा सफाई अभियान से वे बहुत प्रभावित हैं।
राज्य में कई महत्कांक्षी परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे जुड़ना हम अपना सौभाग्य मानते हैं। इनमें स्मार्ट सिटी परियोजना भी शामिल है। नकाओ ने कहा कि वे दो बार पीएम नरेंद्र मोदी से मिल चुके हैं और उनकी विकास की सोच से काफी प्रभावित हैं।