पकड़ा गया झूठ, तन्वी सेठ व अनस को लौटाना होगा पासपोर्ट, कार्रवाई की तैयारी शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तन्वी सेठ और उसके पति अनस सिद्दीकी को अब अपना पासपोर्ट लौटाना होगा। निवास की पुलिस रिपोर्ट प्रतिकूल मिलने पर क्षेत्रीय पासपोर्ट विभाग, लखनऊ ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने तन्वी व अनस के पासपोर्ट फॉर्म में दिए निवास स्थल लखनऊ व नोएडा की जांच की। इसमें दोनों पते सत्यापित नहीं हुए। मंगलवार को इसकी ऑनलाइन रिपोर्ट क्षेत्रीय पासपोर्ट विभाग को भेज दी गई थी।
इसके आधार पर बुधवार को दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी थी, लेकिन शाम तक पुलिस रिपोर्ट की हार्ड कॉपी क्षेत्रीय पासपोर्ट विभाग नहीं पहुंच सकी। नतीजतन तन्वी व अनस को कारण बताओ नोटिस जारी नहीं हो सकी।
इधर, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा फिलहाल दिल्ली में हैं, वे बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। इसके बाद ही तन्वी व अनस पासपोर्ट प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।
अन्य कार्रवाई के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को भेजेंगे पत्र
नोटिस जारी होने के बाद तन्वी व अनस अगर पासपोर्ट नहीं लौटाते हैं तो क्षेत्रीय पासपोर्ट विभाग दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिखेगा। जिससे यह दंपत्ती सफर न कर सके और सफर करने की कोशिश करने पर पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए।
तत्कालीन सहायक पासपोर्ट अधिकारी की आपत्ति सही साबित
पुलिस रिपोर्ट में लखनऊ पासपोर्ट सेवा केंद्र के तत्कालीन सहायक पासपोर्ट अधिकारी विकास मिश्रा की आपत्ति सही साबित हुई। विभागीय अफसरों ने बताया कि मिश्रा ने तन्वी व अनस के निवास स्थल को लेकर सवाल उठाए थे। पुलिस रिपोर्ट में साफ हो गया कि तन्वी व अनस का लखनऊ व नोएडा में कोई आवास नहीं है।
पुलिस व न्यायालय को पासपोर्ट निरस्त करने का अधिकार
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी आवेदकों का अपीलीय अधिकारी है। उसे सिर्फ पासपोर्ट जारी करने का अधिकार है, न कि निरस्त करने का। पुलिस प्रतिकूल रिपोर्ट पर पासपोर्ट को निरस्त करने की संस्तुति कर सकती है। दरअसल पुलिस व न्यायालय को ही पासपोर्ट निरस्त करने का अधिकार है।