1090 के बाहर युवती ने की आत्मदाह की कोशिश, प्रॉपर्टी डीलर पर लगाए ये आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के मानकनगर थानाक्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने सोमवार दोपहर गौतमपल्ली इलाके में विमेन पावर लाइन (1090) के बाहर मिट्टी का तेल उड़ेलकर जान देने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पंजाब के लुधियाना का रहने वाला प्रॉपर्टी डीलर करणवीर सिंह संधू उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि पारा पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया और विमेन पावर लाइन ने कोई मदद नहीं की। वहीं, प्रभारी निरीक्षक पारा रणजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत पर आरोपी करणवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
गिरफ्तारी के लिए नाका पुलिस से भी संपर्क किया गया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी होटल छोड़कर भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक गौतमपल्ली परशुराम सिंह के मुताबिक, पीड़ित युवती पारा के काकोरी मोड़ पर एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करती है।
लुधियाना में हुई थी दोस्ती
उसने बताया कि वह पहले लुधियाना में रहती थी, जहां उसकी दोस्ती करणवीर से हुई। इसके बाद युवती लखनऊ आ गई। आरोप है कि करणवीर रोजाना फोन कर उसे परेशान करने लगा। रविवार को करणवीर लखनऊ आया और नाका के एक होटल में रुका।
करणवीर ने उसे कॉल कर मिलने बुलाया। जब वह होटल में पहुंची तो आरोपी ने मारपीट व छेड़खानी शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर होटल के कर्मचारी मदद को आ गए। इसके बाद पीड़िता ने पारा थाने पर तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस उससे ही उल्टे सवाल-जवाब करने लगी। इस पर उसने 1090 पर कॉल की थी। आरोप है कि कहीं सुनवाई न होने पर उसने आत्मदाह का कदम उठाया।