विमान से टकराई चिड़िया, हादसा टला, बाल-बाल बचे 138 यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जयपुर से आ रहे इंडिगो के विमान से शनिवार शाम को चिड़िया टकरा गई। गनीमत रही कि पायलट सुरक्षित विमान उतारने में कामयाब रहा। विमान में लखनऊ व बंगलूरू के 138 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते लखनऊ से बंगलूरू की उड़ान को टाल दिया गया। विमान की रविवार को जांच करके मरम्मत की जाएगी।
इंडिगो की 6ई-454 फ्लाइट शाम को जयपुर से उड़ान भर करके लखनऊ आ रही थी। विमान से चिड़िया कहां पर टकराई, इसका सही पता नही चल सका। माना जा रहा है कि चिड़िया अमौसी एयरपोर्ट के आसपास ही टकराई। विमान लैंडिंग की तैयारी में था तब पायलट ने कुछ टकराने की आवाज सुनी। पायलट को इसका आभास हुआ तो उसने इसकी जानकारी एयरपोर्ट अफसरों को दी।
शाम 7:35 बजे विमान सुरक्षित उतरने में कामयाब रहा।
पायलट की सूचना पर इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच की तो विमान के पंखों में चिड़िया के पर फंसे पाए गए। यही विमान रात 8:05 बजे लखनऊ से बंगलूरू के लिए उड़ान भरता है। पर, हादसे से आई तकनीकी खामी के कारण उड़ान को टाल दिया गया। करीब एक घंटे के बाद दूसरे विमान से यात्री बंगलूरू भेजे गए।
मांस की दुकानों के कारण एयरपोर्ट के आसपास मंडराते हैं पक्षी
एयरपोर्ट के पास लगने वाली मांस की दुकानों के कारण यहां चील-कौए व अन्य पक्षी मंडराते रहते हैं। जिला प्रशासन कई बार एयरपोर्ट के आसपास से मांस बेचने वालों की दुकानों को हटाने का आदेश दे चुका है, पर अमल नहीं हो सका। ये दुकानें पुलिस के संरक्षण में लगती हैं।
दूसरे विमान से यात्री बंगलूरू भेजे गए
अमौसी एयरपोर्ट के निदेशक एके शर्मा का कहना है कि इंडिगो के जयपुर से आने वाले विमान में चिड़िया टकराने के बाद तकनीकी खराबी आ गई है। इसके कारण विमान बंगलूरू नहीं जा सका। यात्रियों को दूसरे विमान में शिफ्ट करके रवाना किया गया है।