यूपी: 11,908 शिक्षकों को बड़ी सौगात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय व डिग्री कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को 14 महीने के एरियर का भी तोहफा दे दिया है।
कुल 11908 शिक्षक इससे लाभान्वित होंगे। केंद्र सरकार से 122 करोड़ रुपये मिलने के बाद राज्य सरकार ने अपने पास से मिलाकर कुल 288 करोड़ रुपये जारी कर दिए।
प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा नीरज कुमार की ओर से यह आदेश हो गए हैं। मालूम हो कि छठे वेतनमान के कुल 35 महीने के बकाया में से राज्य सरकार शिक्षकों को 21 महीने का एरियर पहले ही दे चुकी है। अब उसने बाकी बची राशि का भी भुगतान कर दिया है।
राज्य सरकार ने 288 करोड़ रुपये की जो रकम जारी की है उसमें सरकारी सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों के लिए 234.29 करोड़, राज्य विश्वविद्यालयों के शिक्षकों के लिए 29.80 करोड़ व राजकीय डिग्री कॉलेजों के लिए 24.97 करोड़ रुपये की रकम शामिल है।
इस तरह विवि व डिग्री कॉलेजों में पढ़ाने वाले कुल 11908 शिक्षकों को 14 महीने का एरियर भी मिल जाएगा। मालूम हो कि छठे वेतनमान के अनुसार 1 जनवरी 2006 से 30 नवंबर 2008 तक के 35 महीने का बकाया भुगतान होना था।
गत सितंबर में केंद्र सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने 209 करोड़ रुपये की किस्त जारी की थी। राज्य सरकार ने भी 210 करोड़ मिलाकर कुल 419 करोड़ रुपये जारी कर दिए थे। इसके बाद शिक्षकों को उस समय एकमुश्त 35 महीने का एरियर न देकर 22 महीने का एरियर दिया गया था।
अब राज्य सरकार ने केंद्र से 122 करोड़ मिलने के बाद अपने पास से 166 करोड़ मिलाकर बकाया 14 महीने का एरियर भी जारी कर दिया।
शिक्षकों के एरियर भुगतान के लिए केंद्र को कुल रकम का 80 प्रतिशत व राज्य सरकार को 20 प्रतिशत रकम लगानी है। अब आगे राज्य सरकार ने अपने हिस्से से अधिक जो रकम लगाई है वह केंद्र से उसे प्रतिपूर्ति स्कीम के तहत मिल जाएगी।
मालूम हो कि एरियर भुगतान के लिए विवि व डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों ने लंबा आंदोलन चलाया था। उन्होंने परीक्षा का बहिष्कार भी किया था।
इसके बाद सरकार से वार्ता के बाद वे परीक्षा करवाने को राजी हुए थे। फिलहाल, मौजूदा सरकार ने शिक्षकों से किए गए वादे को पूरा कर दिया है। शिक्षकों ने राज्य सरकार को बधाई दी है।