West Asia LIVE: एयर इंडिया, इंडिगो जल्द शुरू करेंगी कतर के लिए उड़ानें; IDF ने उत्तरी गाजा में सुरंगें नष्ट की
{"_id":"69ee8172d0c565db100f0176","slug":"west-asia-live-updates-us-iran-ceasefire-strait-of-hormuz-islamabad-talks-trump-israel-lebanon-news-in-hindi-2026-04-27","type":"live","status":"publish","title_hn":"West Asia LIVE: एयर इंडिया, इंडिगो जल्द शुरू करेंगी कतर के लिए उड़ानें; IDF ने उत्तरी गाजा में सुरंगें नष्ट की","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Mon, 27 Apr 2026 10:50 PM IST
अमन तिवारी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: अमन तिवारी
Updated Mon, 27 Apr 2026 10:50 PM IST
खास बातें
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी से शुरू हुई जंग फिलहाल युद्धविराम की छांव में है। पर्दे के पीछे से अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी बीच ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में तमाम नेताओं से मुलाकात के बाद रूस के लिए रवाना हो गया है। पश्चिम एशिया संघर्ष से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया संकट
- फोटो : अमर उजाला
लाइव अपडेट
10:49 PM, 27-Apr-2026
आईडीएफ ने उत्तरी गाजा में 14 किलोमीटर लंबी सुरंगें नष्ट कीं
इस्राइल डिफेंस फोर्स ने बताया कि उसने उत्तरी गाजा पट्टी में 14 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंगों को नष्ट कर दिया है। आईडीएफ ने कहा कि डिवीजन 252 के तहत नॉर्दर्न ब्रिगेड की सेनाएं और यहालाम यूनिट पिछले कुछ महीनों से एक खास अभियान में लगी हुई हैं, जिसका मकसद हमास के भूमिगत ढांचे को खत्म करना है। यह ऑपरेशन खासकर उत्तरी गाजा और येलो लाइन के पूर्व में बेत हनून इलाके में चल रहा है।आईडीएफ के मुताबिक, इस अभियान के दौरान ब्रिगेड की सेनाओं ने यहालाम यूनिट के साथ मिलकर अब तक करीब 14 किलोमीटर लंबी सुरंगें नष्ट कर दी हैं। इन सुरंगों के अंदर सोने के कमरे और कई हथियार भी मिले हैं। सेना अभी भी इस इलाके को साफ करने के मिशन में लगी हुई है। आईडीएफ के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में उत्तरी ब्रिगेड की सेनाओं ने करीब 70 लड़ाकों को मार गिराया है, जिन्होंने सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया था और जो सैनिकों के लिए तुरंत खतरा बने हुए थे।
इसके साथ ही आईडीएफ ने अपनी डिफेंस पॉलिसी भी अपडेट की है। होम फ्रंट कमांड के हालात के आकलन के बाद यह तय किया गया कि कॉनफ्रंटेशन लाइन वाले इलाकों और मेरोन, बार योखाई, ओर हागानुज और सफसुफा जैसी बस्तियों में एक साथ अधिकतम 1500 लोगों के इकट्ठा होने की सीमा लागू होगी। आईडीएफ ने यह भी बताया कि उसने लेबनान में हिजबुल्ला संगठन के कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया है, जो उसके अनुसार उसके सैनिकों के लिए खतरा थे।
10:32 PM, 27-Apr-2026
ईरान-अमेरिका साथ डील करने के लिए गंभीर- मार्को रुबियो
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करने को लेकर गंभीर है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि कोई भी डील ऐसी होनी चाहिए, जिससे ईरान कभी परमाणु हथियार न बना सके। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने कहा कि उन्हें लगता है कि ईरान मौजूदा संकट से बाहर निकलना चाहता है और इसी वजह से समझौते को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा आगे कहा कि ईरान की आर्थिक हालत लगातार खराब हुई है। महंगाई, कर्मचारियों को वेतन देने में दिक्कत और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध अब भी जारी हैं। रुबियो ने ये भी कहा कि संघर्ष शुरू होने से पहले ईरान जिन समस्याओं से जूझ रहा था, वे अब भी मौजूद हैं और ज्यादातर पहले से ज्यादा खराब हो चुकी हैं।
विज्ञापन
10:22 PM, 27-Apr-2026
पुतिन और ईरान के विदेश मंत्री की मुलाकात, शांति पर जोर
व्लादिमीर पुतिन ने रूस में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की और पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया। पुतिन ने कहा कि रूस चाहता है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द स्थायी शांति कायम हो। उन्होंने ईरानी जनता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने देश की संप्रभुता के लिए बहादुरी से संघर्ष किया है। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस-ईरान के रिश्तों को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। अराघची ने कहा कि ईरान ने हालिया संघर्ष में अपनी ताकत दिखाई है और रूस जैसे सहयोगियों का समर्थन अहम है। गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत पूरी तरह सफल नहीं हो पाई थी। ऐसे में रूस अब मध्यस्थ की भूमिका निभाने को तैयार नजर आ रहा है, ताकि क्षेत्र में तनाव कम हो सके।09:27 PM, 27-Apr-2026
एयर इंडिया-इंडिगो जल्द शुरू करेंगी कतर के लिए उड़ानें- MEA
खाड़ी क्षेत्र में उड़ानों की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। इसी के चलते एयर इंडिया और इंडिगो भी जल्द ही कतर से भारत के लिए अपनी फ्लाइट सेवाएं फिर शुरू करने की योजना बना रही हैं। यह जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को दी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुल चुका है और कतर एयरवेज पहले से ही भारत के कई शहरों के लिए उड़ानें चला रही है।पश्चिम एशिया से भारत के लिए अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू हो गई हैं। सोमवार को यूएई और भारत के बीच लगभग 105 उड़ानें चलने की उम्मीद है। दुबई और अबू धाबी से सीमित संख्या में व्यावसायिक उड़ानें सुरक्षा और संचालन कारणों से चलाई जा रही हैं। सऊदी अरब और ओमान के कई एयरपोर्ट से भारत के लिए उड़ानें जारी हैं। कुवैत का हवाई क्षेत्र भी खुल गया है और जज़ीरा एयरवेज और कुवैत एयरवेज ने सीमित उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं। बहरीन का एयरस्पेस भी खुला है और गल्फ एयर भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें चला रही है।
इसके अलावा, इराक का हवाई क्षेत्र भी सीमित उड़ानों के साथ खुला है, जिसका उपयोग भारत आने के लिए आगे की यात्रा में किया जा सकता है। ईरान का हवाई क्षेत्र फिलहाल आंशिक रूप से खुला है और केवल कार्गो व चार्टर्ड फ्लाइट्स की अनुमति है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है और वहां मौजूद लोगों से कहा है कि वे दूतावास की मदद से जमीन के रास्ते बाहर निकलें। अब तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 2,445 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की है। 28 फरवरी से अब तक करीब 12,96,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत आ चुके हैं।
08:49 PM, 27-Apr-2026
भारतीयों की सुरक्षा और पश्चिम एशिया हालात पर भारत की नजर- विदेश मंत्रालय
पश्चिम एशिया के हालातों पर विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को बताया कि भारत ने क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर करीब से नजर बनाए रखी है और खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्कों को और मजबूत किया है। एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को पश्चिम एशिया संकट पर हुई एक अंतर-मंत्रालयी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के आधिकारिक दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री के निर्देश पर भारत ने खाड़ी क्षेत्र के देशों के साथ अपने संबंध और मजबूत किए हैं। हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने 25-26 अप्रैल को यूएई का दौरा किया। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात की और प्रधानमंत्री की तरफ से उनके लिए शुभकामनाएं दीं। दोनों पक्षों ने भारत-यूएई के व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के उपायों पर चर्चा की। साथ ही क्षेत्रीय हालात और अन्य आपसी मुद्दों पर भी बात हुई।'रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह एक महीने के अंदर भारत से यूएई की दूसरी उच्च स्तरीय यात्रा है। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 11-12 अप्रैल को यूएई का दौरा किया था। उन्होंने वहां अपने समकक्ष से मुलाकात की और यूएई के राष्ट्रपति से भी मिले। खासकर हाल के संघर्ष के दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई का ध्यान रखने के लिए धन्यवाद दिया।
08:35 PM, 27-Apr-2026
ईरान ने टोगो के झंडे वाले जहाज पर गोलीबारी की थी, कुछ भारतीय नाविक थे मौजूद- भारत सरकार
भारत सरकार ने 25 अप्रैल को ईरानी कोस्ट गार्ड की ओर से टोगो के झंडे वाले जहाज पर फायरिंग की जानकारी दी है। इस जहाज में कुछ भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। सरकार के अनुसार चेतावनी के तौर पर ये गोलीबारी की गई थी। सोमवार को, पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मनदीप सिंह रंधावा ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास से कई जहाज गुजर रहे थे, इनमें से एक टोगो के झंडे वाला केमिकल टैंकर एमटी सिरोन भी था। इन जहाजों को रोकने की कोशिश की गई और चेतावनी के तौर पर कुछ गोलियां चलाई गईं। मंत्रालय के मुताबिक सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज को इस घटना से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े पक्षों के लगातार संपर्क में है। पिछले चौबीस घंटे में ऐसी कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सरकार ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत के उन प्रयासों का जिक्र किया जिसके जरिए संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर भारत ने खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्क और सहयोग को लगातार बढ़ाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने 25 और 26 अप्रैल को संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा की। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री का संदेश और शुभकामनाएं पहुंचाईं।'
विज्ञापन
विज्ञापन
07:27 PM, 27-Apr-2026
ओमान तट के पास ईरानी कोस्ट गार्ड की चेतावनी फायरिंग से हड़कंप, भारतीय क्रू सुरक्षित
ईरान के कोस्ट गार्ड ने 25 अप्रैल को ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास टोगो के झंडे वाले केमिकल टैंकर 'एमटी सिरोन' पर चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं। इस टैंकर पर भारतीय नाविकों सहित कई लोग सवार थे। यह जानकारी सोमवार को पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय ने दी। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने एक बैठक में बताया कि जहाज दूसरे जहाजों के पास था, तभी ईरानी कोस्ट गार्ड ने दखल दिया और चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय, विदेश मंत्रालय (एमईए), भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ मिलकर लगातार संपर्क में है, ताकि नाविकों की सुरक्षा बनी रहे और कामकाज प्रभावित न हो। रंधावा के मुताबिक, डीजी शिपिंग का कंट्रोल रूम अब तक 7,780 कॉल और 16,650 ईमेल संभाल चुका है। वे 2,770 भारतीय जहाजों के संपर्क में हैं, जिनमें से 12 ने हालात की जानकारी दी है। हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।07:08 PM, 27-Apr-2026
इस्राइल और ईरान का रक्षा खर्च घटा
इस्राइल का सैन्य खर्च 4.9 फीसदी घटकर 48.3 अरब रुपये हो गया। यह 2024 की तुलना में कम तीव्र लड़ाई वाले वर्ष को दर्शाता है, क्योंकि इस्राइल ने नवंबर 2024 में लेबनान और अक्तूबर 2025 में गाजा में युद्धविराम किया था। ईरान का खर्च 5.6 फीसदी घटकर 7.4 अरब रुपये हो गया। सिपरी ने इसका कारण मुद्रास्फीति और व्यापक आर्थिक दबाव बताया है। सिपरी शोधकर्ता जुबैदा करीम ने कहा कि ईरान अपनी सेना को वित्तपोषित करने के लिए बजट से बाहर के तेल राजस्व का भी उपयोग करता है।07:04 PM, 27-Apr-2026
फारस की खाड़ी में फंसे 20,000 नाविक
फारस की खाड़ी में करीब 20,000 नाविक हफ्तों से फंसे हुए हैं। वे सैकड़ों जहाजों पर सवार हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने में असमर्थ हैं। इस बीच, स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में पश्चिम एशिया में सैन्य खर्च स्थिर रहा। इन जहाजों में तेल और गैस टैंकर तथा मालवाहक जहाज शामिल हैं। सामान्य तौर पर, दुनिया के एक-पांचवें तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस का परिवहन इस जलमार्ग से होता है। लॉयड लिस्ट इंटेलिजेंस के अनुसार, 13 से 19 अप्रैल के सप्ताह में लगभग 80 जहाज जलडमरूमध्य से गुजरे। युद्ध से पहले प्रतिदिन लगभग 130 या अधिक जहाज गुजरते थे। युद्ध शुरू होने के बाद दर्जनों जहाजों पर हमला हुआ है। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि कम से कम 10 नाविक मारे गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह युद्धविराम अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दिया था। फिर भी अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी। जवाब में, ईरान ने जलडमरूमध्य में जहाजों पर गोलीबारी की और दो जहाजों को जब्त कर लिया।02:20 PM, 27-Apr-2026
ओमान के सुल्तान से ईरान के विदेश मंत्री अराघची की मुलाकात
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची पाकिस्तान के दौरे के बाद ओमान पहुंचे। अराघची ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल और विदेश मंत्री सैय्यद बदर बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात की। इसके बाद अब ईरानी विदेश मंत्री रूस के लिए रवाना हो गए। अराघची ने ओमान के नेतृत्व से होर्मुज संकट को लेकर भी चर्चा की। रूस की सरकारी मीडिया ने बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सोमवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मिलने की योजना बना रहे हैं। रूस और तेहरान पर पश्चिमी देशों के कड़े प्रतिबंध लगे हैं।अराघची ने ओमान के सुल्तान से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कर लिखा, 'ओमान में हमारे मेजबान का शुक्रिया। दोनों देशों के मामलों और इलाके के डेवलपमेंट पर जरूरी बातचीत हुई। होर्मुज स्ट्रेट के तटीय देश होने के नाते, हमारा ध्यान सुरक्षित ट्रांजिट सुनिश्चित करने के तरीकों पर था, जिससे सभी प्यारे पड़ोसियों और दुनिया को फायदा हो। हमारे पड़ोसी हमारी प्राथमिकता हैं।'
इसके अलावा, ओमान के विदेश मंत्री ने अराघची से मुलाकात को लेकर लिखा, 'ईरान के विदेश मंत्री डॉ. अराघची के साथ होर्मुज स्ट्रेट पर अच्छी चर्चा हुई। तटीय देशों के तौर पर, हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के प्रति अपनी साझा जिम्मेदारी और बहुत लंबे समय से बंधक बनाए गए नाविकों को रिहा करने की तत्काल मानवीय जरूरत को समझते हैं। नेविगेशन की स्थायी आजादी सुनिश्चित करने के लिए बहुत ज्यादा डिप्लोमेसी और प्रैक्टिकल समाधानों की जरूरत है।'
बता दें, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब भी जारी है। हालांकि, सीजफायर को लेकर बातचीत की कवायद तेज है, लेकिन ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह की सीधी बातचीत से सीधा इनकार कर दिया है। ऐसे में पाकिस्तान की मध्यस्थता में ये बातचीत हो रही है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची पाकिस्तान समेत तीन देशों की यात्रा पर निकले हुए हैं। पाकिस्तान के बाद वह ओमान पहुंचे और अब रूस में उनकी यात्रा का आखिरी पड़ाव है।