फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West Asia LIVE: 'जब तक नाकाबंदी, तब तक बातचीत नहीं', ईरान का पाकिस्तान वार्ता में जाने से इनकार

Sun, 19 Apr 2026 11:37 AM IST
Nirmal Kant वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला। Published by: Nirmal Kant Updated Sun, 19 Apr 2026 11:37 AM IST
खास बातें

West Asia Crisis Live Updates: पश्चिम एशिया इस समय बेहद संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। एक ओर जहां संघर्ष के बीच युद्धविराम और बातचीत की उम्मीदें दिखाई दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर तनाव और अस्थिरता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अमेरिका-ईरान तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयासों में तेजी आई है, जिससे क्षेत्र में कुछ राहत की संभावना बनी है। इसी दौरान इस्राइल और लेबनान के बीच 10 दिन का युद्धविराम लागू होने से हालात कुछ हद तक शांत हुए हैं। इसी बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को एक बार फिर बंद किए जाने की खबर ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...

विज्ञापन
west asia live updates us iran ceasefire strait of hormuz donald trump israel lebanon news in hindi
पश्चिम एशिया संकट - फोटो : @अमर उजाला

लाइव अपडेट

08:46 PM, 19-Apr-2026

क्या ईरान से शांति वार्ता करने पाकिस्तान जाएंगे वेंस? संदेह बरकरार

सोमवार को पाकिस्तान जाने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व को लेकर डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस के विरोधाभासी बयानों ने भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। जहां ट्रंप ने सुरक्षा चिंताओं के कारण उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के स्थान पर अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को कमान सौंपने और टीम में जेरेड कुशनर के शामिल होने की बात कही है, वहीं व्हाइट हाउस ने आधिकारिक तौर पर वेंस के जाने की पुष्टि कर दी है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल दौरे की कूटनीतिक कमान को लेकर गहरा ऊहापोह बना हुआ है।
08:23 PM, 19-Apr-2026

'जब तक नाकाबंदी, तब तक बातचीत नहीं', ईरान का पाकिस्तान वार्ता में जाने से इनकार

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। समाचार एजेंसी तसनीम की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान ने पाकिस्तान में होने वाली आगामी राजनयिक वार्ता में अपना प्रतिनिधिमंडल भेजने से साफ इनकार कर दिया है। ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से ईरान के बंदरगाहों पर लगाई गई नौसैनिक नाकाबंदी प्रभावी रहेगी, तब तक बातचीत की कोई मेज नहीं सजेगी। 


गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2026 से लागू इस अमेरिकी नाकाबंदी के जवाब में ईरान ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया है। एक तरफ जहां राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार शाम तक अमेरिकी टीम के इस्लामाबाद पहुंचने और मांगें न मानने पर ईरानी बुनियादी ढांचे को तबाह करने की चेतावनी दी है, वहीं ईरान ने नाकाबंदी हटाने को पूर्व शर्त बनाकर कूटनीतिक गतिरोध को और बढ़ा दिया है।
विज्ञापन
07:35 PM, 19-Apr-2026

ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी, कहा- होर्मुज में नौ सैनिकों की घेराबंदी युद्ध अपराध

अमेरिका ईरान के बीच तनाव जारी है। इस बीच ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर अमेरिका की ओर से ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक घेराबंदी को 'अवैध और आपराधिक' करार दिया है। उन्होंने तर्क दिया कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुए संघर्ष विराम का यह सीधा उल्लंघन न केवल अंतरराष्ट्रीय कानूनों के खिलाफ है, बल्कि ईरानी जनता को सामूहिक दंड देने के कारण यह युद्ध अपराध की श्रेणी में आता है। यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन आरोपों के बाद आई है जिसमें उन्होंने ईरान पर जहाजों पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम तोड़ने का आरोप लगाया था।
11:06 AM, 19-Apr-2026

ईरान-अमेरिका वार्ता पर अनिश्चितता, अगली बैठक की तारीख तय नहीं

ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमेरिका के साथ अगली बातचीत के लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है। ईरानी अधिकारी ने कहा कि पहले एक साझा समझ और ढांचा तैयार करना जरूरी है, तभी आगे की बातचीत संभव होगी। पिछले सप्ताह इस्लामाबाद में हुई उच्च स्तरीय वार्ता भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। इसे 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से सबसे अहम कूटनीतिक बातचीत माना जा रहा है। बातचीत के बीच सबसे बड़ी चिंता का विषय होर्मुज जलडमरूमध्य बना हुआ है, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का एक प्रमुख मार्ग है। तनाव के चलते इस क्षेत्र में अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी असर देखा जा रहा है।
10:18 AM, 19-Apr-2026

सीजफायर के बावजूद दक्षिणी लेबनान में इस्राइल के हमले जारी, बढ़ा तनाव

लेबनान में जारी युद्धविराम के बावजूद इस्राइली सेना ने एक बार फिर दक्षिणी हिस्से में हवाई और तोपखाने हमले किए हैं। इस्राइली सेना ने इन कार्रवाईयों को खतरे के खिलाफ उठाया गया कदम बताया है, जो कथित तौर पर नई येलो लाइन के दक्षिण में स्थित थे। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, बेरूत से जुड़े संवाददाता ने बताया कि रविवार को इस्राइल ने कई गांवों में लगातार गोलाबारी और मशीनगन से फायरिंग की। इसके साथ ही दो अलग-अलग हवाई हमले भी किए गए।

पहला हमला हिजबुल्ला के उन लड़ाकों पर किया गया, जो इस्राइल के अनुसार येलो लाइन के करीब पहुंच रहे थे, लेकिन उसे पार नहीं किया था। रिपोर्ट में कहा गया कि यह गतिविधि रेखा के उत्तर में हुई थी, न कि उसके भीतर। दूसरा हमला एक व्यक्ति पर किया गया, जो एक सुरंग के प्रवेश द्वार की ओर बढ़ रहा था, जो येलो लाइन के दक्षिण में स्थित बताया गया है। इस्राइली सेना ने दावा किया कि इस कार्रवाई में उस सुरंग के प्रवेश द्वार को भी नष्ट कर दिया गया। इस्राइली सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, ये हमले युद्धविराम का उल्लंघन नहीं हैं और इन्हें सुरक्षा कारणों से अंजाम दिया गया है।
10:09 AM, 19-Apr-2026

ईरान में हवाई क्षेत्र चरणबद्ध तरीके से फिर खोलने की तैयारी

इसी बीच ईरान से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है, जहां देश के नागरिक उड्डयन संगठन ने हवाई क्षेत्र को धीरे-धीरे खोलने की योजना की घोषणा की है। तसनीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान का हवाई क्षेत्र चार चरणों में खोला जाएगा। पहले चरण में ट्रांजिट फ्लाइट्स को अनुमति दी जाएगी। इसके बाद पूर्वी हवाई अड्डों से उड़ानों की शुरुआत होगी। तीसरे चरण में तेहरान के मेहराबाद और इमाम खुमैनी हवाई अड्डों से उड़ानों की अनुमति दी जाएगी, जबकि अंतिम चरण में पश्चिमी हवाई अड्डों को भी खोला जाएगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल टिकटों की बिक्री स्थगित है और यात्रियों को आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हवाई क्षेत्र खोलने की प्रक्रिया कब से शुरू होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
08:08 AM, 19-Apr-2026

UAE और ब्रिटेन के शीर्ष राजनयिकों की बैठक, क्षेत्रीय तनाव और ईरान के मुद्दे पर चर्चा

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और यूनाइटेड किंगडम (UK) के शीर्ष राजनयिकों ने क्षेत्रीय हालात और बढ़ते तनाव को लेकर अहम बातचीत की है। बैठक में दोनों देशों ने पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात और सुरक्षा चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की। यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान और ब्रिटेन की विदेश सचिव यवेट कूपर ने क्षेत्रीय विकास और ईरान की ओर से खाड़ी देशों पर कथित बिना उकसावे वाले और आतंकी हमलों के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया।

यूएई विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, यवेट कूपर ने यूएई के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि वह देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का समर्थन करता है। वहीं, शेख अब्दुल्ला ने ब्रिटिश विदेश सचिव की इस यात्रा को दोनों देशों के मजबूत संबंधों का प्रतीक बताया और कहा कि यह यूएई के प्रति ब्रिटेन की एकजुटता को दर्शाता है, खासकर ईरानी हमलों के बाद। ब्रिटेन की ओर से इस बैठक पर कोई अलग आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
05:56 AM, 19-Apr-2026

West Asia LIVE: आज क्या-क्या हुआ?

  • ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया गया है। इसके लिए उसने अमेरिका पर संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
  • ईरान ने कहा कि यह अहम समुद्री मार्ग तब तक बंद रहेगा, जब तक अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी खत्म नहीं करता।
  • दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हुए हमले में एक फ्रांसीसी सैनिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हिजबुल्ला ने इस हमले में किसी भी भूमिका से इनकार किया है।
  • इस्राइल ने संघर्षविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान में दो हमले किए।
  • हिजबुल्ला नेता नईम कासिम ने कहा कि संघर्षविराम एकतरफा नहीं हो सकता और उनके लड़ाके जवाब देने के लिए तैयार हैं।
  • अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये अमेरिका को ब्लैकमेल नहीं कर सकता।
05:52 AM, 19-Apr-2026

इस्राइल ने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में किए हमले

इस्राइली सेना ने कहा कि उसने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में नए हमले किए हैं। हालांकि ,वहां पहले से संघर्ष विराम लागू है। सेना का दावा है कि ये हमले उन खतरों को देखते हुए किए गए हैं, जो 'तय सीमा रेखा' के दक्षिण में मौजूद थे।

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, आज कई गांवों में गोलाबारी जारी रही। इसके साथ ही इस्राइल ने दो हवाई हमलों की भी पुष्टि की है। पहले हमले में हिजबुल्ला के एक समूह को निशाना बनाया गया। इस्राइल ने कहा कि वह येलो लाइन की ओर बढ़ रहा था। हालांकि, वह वास्तव में लाइन के उत्तर में था, न कि उसके अंदर।

दूसरे हमले में एक व्यक्ति को निशाना बनाया गया जो एक सुरंग के प्रवेश द्वार की ओर जा रहा था। इस्राइल ने दावा किया कि उसने उस व्यक्ति पर हमला कर सुरंग का प्रवेश द्वार नष्ट कर दिया। इस्राइली सेना का कहना है कि यह संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं है। वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी दस्तावेज में भी बताया गया है कि इस्राइल को आत्मरक्षा के नाम पर कार्रवाई की अनुमति दी गई है। साथ ही उसे दक्षिण लेबनान के कुछ इलाकों में मौजूद रहने की भी अनुमति है। 
 
 
05:42 AM, 19-Apr-2026

West Asia LIVE: 'जब तक नाकाबंदी, तब तक बातचीत नहीं', ईरान का पाकिस्तान वार्ता में जाने से इनकार

ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने कहा कि उनका देश किसी भी तरह का संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को नहीं भेजेगा और यह मुद्दा बातचीत के लिए भी खुला नहीं है। तुर्किये में एक कूटनीतिक बैठक के दौरान उन्होंने यह बात कही। ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। 

खतीबजादेह ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है। लेकिन अमेरिका ऐसी मांगें कर रहा है, जिन्हें तेहरान बहुत ज्यादा और अस्वीकार्य मानता है।
 
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed