Bangladesh Election Results 2026 LIVE: कल पीएम पद की शपथ ले सकते हैं तारिक रहमान; PM मोदी ने फोन कर दी बधाई
Bangladesh Vote Counting Results Live Updates: बांग्लादेश में कल 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान कराए गए। आज नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। जारी परिणामों में बीएनपी को पूर्ण बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के करीब डेढ़ साल बाद पहली बार आम चुनाव कराए गए हैं। मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है। अवामी लीग चुनाव से बाहर है। कई सीटों पर अब भी वोटों की गिनती जारी है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें बांग्लादेश चुनाव से जुड़े सभी अहम अपडेट्स...
लाइव अपडेट
बांग्लादेश चुनाव: बीएनपी गठबंधन की 212 सीटों पर जीत
बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव के परिणामों के अनुसार, घोषित 297 सीटों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और उसके सहयोगी दलों ने कुल 212 सीटें जीती हैं। प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, 11 दलों के गठबंधन बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी ने 77 सीटें हासिल कीं। वहीं, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश ने एक सीट पर जीत दर्ज की और स्वतंत्र उम्मीदवारों ने सात सीटें जीत लीं।बांग्लादेश चुनाव: 297 सीटों के परिणाम घोषित, 3 सीटों के परिणाम स्थगित
बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव के 297 निर्वाचन क्षेत्रों के आधिकारिक परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए हैं। यह जानकारी स्थनीय अखबार प्रोथोम आलो ने दी। हालांकि, चिटगांव-2 और चिटगांव-4 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणामों की घोषणा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और इन्हें बाद में जारी किया जाएगा। इसके अलावा, एक अन्य निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम पहले ही स्थगित किया जा चुका है।पीएम मोदी ने बांग्लादेश चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर तारिक रहमान से बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने तारिक रहमान से बातचीत की और बांग्लादेश के चुनावों में उनकी उल्लेखनीय जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने तारिक रहमान को बांग्लादेश की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं और समर्थन भी व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में बांग्लादेश विकास और स्थिरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगा।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और बांग्लादेश दो निकट पड़ोसी देश हैं, जिनके बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बेहद गहरे हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत ने दोनों देशों के लोगों की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।
अब तक 299 में 213 सीटों पर जीता बीएनपी गठबंधन
बांग्लादेश में संसद चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने बड़ी जीत हासिल की है। पार्टी के नेता तारिक रहमान की अगुवाई में बीएनपी ने सत्ता में वापसी की है, यह पहली बार लगभग दो दशकों बाद हुआ है। ताजा आंकड़ों के अनुसार चुनाव में बीएनपी और उसके सहयोगी दलों ने 299 सीटों में से कम से कम 213 सीटें जीत लीं। वहीं विपक्षी पार्टी जमात-ए-इस्लामी और उसके सहयोगियों को केवल 76 सीटें ही मिलीं।
ममता बनर्जी ने तारिक रहमान को दी बधाई
बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की जीत के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को तारिक रहमान को बधाई दी। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बांग्लादेश के मेरे सभी भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई। आप सभी को अग्रिम रमजान मुबारक। इस बड़ी जीत के लिए मेरे तारिके भाई, उनकी पार्टी और सभी दलों को शुभकामनाएं। आप सब खुश और स्वस्थ रहें। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भारत और बांग्लादेश के रिश्ते हमेशा सौहार्दपूर्ण बने रहें।
जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे तारिक रहमान
बांग्लादेश में संसदीय चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष तारिक रहमान शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे। नमाज के बाद उन्होंने दुआ की और फिर मस्जिद से बाहर निकले। इस दौरान उनके समर्थकों की भीड़ वहां मौजूद रही। लोगों ने उन्हें चुनावी जीत की बधाई दी। नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकलते समय तारिक रहमान ने समर्थकों का अभिवादन किया और शांति व देश की तरक्की के लिए दुआ करने की बात कही।
एक भी सीट नहीं जीत पाई अवामी लीग की पुरानी सहयोगी पार्टी
बीएनपी ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया
बीएनपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है, जिन्होंने पार्टी के नेता तारिक रहमान को उनकी निर्णायक चुनावी जीत पर बधाई दी। बीएनपी के चुनाव समन्वय समिति के प्रमुख नजरुल इस्लाम खान ने कहा कि पीएम मोदी को बधाई देने के लिए पार्टी आभारी है और वे मानते हैं कि तारिक रहमान के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच संबंध और लोगों के बीच भरोसा मजबूत होगा।
इन तीन जगहों पर बीएनपी ने मारी बाजी
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने ढाका, बारिसल और तंगेल जैसे सभी बड़े जिलों में जीत हासिल की है। पार्टी ने तंगेल की आठ में से सात सीटें और ढाका के सभी पांच जिलों की सीटें जीती हैं.
सात महिलाओं ने दर्ज की जीत
बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय चुनाव में सात महिला उम्मीदवार संसद में जीत हासिल करने में सफल रहीं, यह जानकारी अनौपचारिक नतीजों पर आधारित है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी), जो पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है, के छह महिला उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों से जीतकर संसद में पहुंचे। ये उम्मीदवार धान के बंडल (Paddy Sheaf) प्रतीक के साथ चुनाव लड़ी थीं।
चयनित महिला उम्मीदवारों में अफरोजा खान रीता- मणिकगंज-3, इसरत सुल्ताना एलेन भुट्टो- झालोकाटी-2, ताहसीना रुशदीर लूना- सिलहट-2, शमा ओबैद - फरीदपुर-2, नायब यूसुफ कमाल- फरीदपुर-3 और फरजाना शारमिन पुतुल- नटोर-1 का नाम शामिल है। इसके अलावा, बारिस्टर रूमिन फरहाना ब्रह्मणबाड़ी-2 से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनी गईं। उन्हें पहले बीएनपी से निष्कासित किया गया था।