10:51 AM, 18-Feb-2024
दांपत्य जीवन में बंधी युवती की छूटी परीक्षा
बिजनौर के नजीबाबाद में एक नव विवाहिता का यूपी पुलिस में शामिल होने का स्वप्न काफूर हो गया। दुल्हन विदा होने के बाद चांदपुर से नजीबाबाद परीक्षा केंद्र पर पहुंची तब तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय निकल चुका था। दुल्हन के चेहरे पर मायूसी छा गई।दूल्हा दूसरी पारी में परीक्षा देगा।
चांदपुर के गांव भिड़िया खेड़ा निवासी पुष्पेंद्र तोमर का शनिवार की रात चांदपुर क्षेत्र में विवाह था।पुष्पेंद्र तोमर और पत्नी काजल चौधरी ने यूपी पुलिस परीक्षा का फॉर्म भरा था। रविवार को नजीबाबाद में नव दंपति को यूपी पुलिस की परीक्षा देनी थी।
रविवार को तड़के विदाई के बाद काजल चौधरी पति पुष्पेंद्र के साथ एमडीकेवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रथम पारी की परीक्षा देने जिस समय पहुंची तब तक परीक्षा केंद्र में दाखिल होने का समय निकल चुका था। दुल्हन अपने पति के साथ लगभग 10 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंची।
10:51 AM, 18-Feb-2024
मुजफ्फरनगर में पूर्व प्रमुख व भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह का निधन
मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ ब्लॉक के पूर्व प्रमुख, भाकियू के लंबे समय तक जिलाध्यक्ष रहे भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह का कैंसर के चलते निधन हो गया। उन्होंने कुतुबपुर गांव में रविवार सुबह 4:30 बजे अंतिम सांस ली। वह जिला सहकारी बैंक के संचालक थे। छह माह से गले के कैंसर से पीड़ित थे।
09:42 PM, 17-Feb-2024
West UP News Live: दूसरे दिन कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा जारी, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह का निधन
यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा रविवार को दूसरे दिन भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर दो पाली में होनी है। पहली पाली में परीक्षा दस बजे शुरू हुई, जो कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। इसके लिए अभ्यर्थी आठ बजे से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्रों पर परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कड़ी चौकसी बरती जा रही है। अभ्यर्थियों को लाइन से जांच व तलाशी के बाद परीक्षा केंद्र के अंदर एंट्री दी जा रही है। अधिकारी परीक्षा केंद्रों का जायजा ले रहे हैं। जांच एजेंसियां व एसटीएफ भी परीक्षा पर निगरानी रखे हुए हैं। अब दूसरी पारी के लिए अभ्यर्थी तैयारी में जुटे हैं।