Paris Olympics Day 10 Live: चोट की वजह से क्वार्टर फाइनल में हारीं निशा, अविनाश साबले पांचवें स्थान पर रहे
India at Paris 2024 Olympics Games Day 10 Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत को पेरिस ओलंपिक के 10वें दिन बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन से कांस्य पदक लाने की उम्मीद होगी, जबकि सोमवार से कुश्ती स्पर्धाएं भी शुरू हो रही हैं और पहले दिन निशा महिला फ्री स्टाइल 68 किग्रा वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंची। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
लाइव अपडेट
Paris Olympics Day 10 Live: अविनाश साबले पांचवें स्थान पर रहे
भारत के अविनाश साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज के फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वह पांचवें स्थान पर रहे। भारतीय एथलीट ने पहले 1000 मीटर तक आगे रहकर रेस की शुरुआत मजबूती से की। हालांकि, बाद में वह अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे हो गए। वह पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल राउंड में आगे बढ़ गए।Paris Olympics Day 10 Live: पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज शुरू
अविनाश साबले दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और 2000 मीटर की दूरी पूरी होने के बाद भी शीर्ष पांच से अपना स्थान नहीं खो रहे हैं।Paris Olympics Day 10 Live: सेमीफाइनल में पहुंचने से चूकीं निशा
निशा दहिया चोट की वजह से महिला क्वार्टर फाइनल में हार गईं। उन्हें नॉर्थ कोरिया की पाक सोल गम ने 10-8 से हराया। चोट से पहले निशा 8-2 से आगे चल रहीं थीं, लेकिन आखिरी 33 सेकंड में मैच पलट गया और पाक सोल गम जीत गईं। नॉर्थ कोरिया की खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गईं हैं। उनका सामना अमेरिका की खिलाड़ी से होगा। अगर पाक यह मैच जीततीं है तो निशा को रेपेचेज खेलने का मौका मिलेगा। वहीं, अगर अमेरिका की खिलाड़ी जीततीं हैं तो निशा को कोई मौका नहीं मिलेगा।Paris Olympics Day 10 Live: दर्द से कराह रहीं निशा
निशा दहिया एक बार फिर चोटिल हो गई हैं। उनकी कोहनी में चोट आई है। वह दर्द से कराह रही हैं।Paris Olympics Day 10 Live: निशा दे रहीं नॉर्थ कोरिया की खिलाड़ी को चुनौती
रेसलिंग के महिला क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निशा दहिया ने शानदार शुरुआत की है। उन्होंने नॉर्थ कोरिया की पाक सोल गम के खिलाफ 4-0 से बढ़त बना ली है।Paris Olympics Day 10 Live: लक्ष्य पदक से चूके
लक्ष्य सेन को कांस्य पदक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मलयेशिया के ली जी जिया ने उन्हें 13-21, 21-16, 21-11 से हरार पदक अपने नाम कर लिया।Paris Olympics Day 10 Live: दूसरे गेम में ली जिया जीते
कांस्य पदक के मैच में लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा है। पहला गेम भारतीय शटलर ने 21-13 से अपने नाम किया था। इसके बाद दूसरे गेम में एक वक्त लक्ष्य ने 8-2 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, इसके बाद मलयेशियाई खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की और 11-8 से बढ़त बनाने के बाद दूसरे गेम को 21-16 से अपने नाम किया। इसके बाद तो तीसरे और निर्णयाक गेम में ली जिया पूरी तरह हावी रहे और 21-11 से अपने नाम किया। साथ ही मैच के साथ-साथ कांस्य पदक भी अपने नाम किया। लक्ष्य ने मैच में कई अनफोर्स्ड एररर्स किए और मलयेशियाई खिलाड़ी को स्मैश पर स्मैश लगाने का मौका दिया। लक्ष्य इतिहास की किताबों में अपना नाम दर्ज करवाने से चूक गए। इससे पहले लक्ष्य को सेमीफाइनल में विक्टर एक्सेलसन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
Paris Olympics Day 10 Live: पहला गेम जीता लक्ष्य ने
लक्ष्य ने पहले गेम मे 11-5 की बढ़त बनाने के बाद इस गेम को 21-13 से अपने नाम किया। मलेयिशाई खिलाड़ी के पास लक्ष्य के सूझबूझ वाले खेल का कोई जवाब नहीं है। लक्ष्य स्मैश का भी बखूबी इस्तेमाल कर रहे हैं।