06:53 PM, 20-Dec-2023
लोकसभा में दूरसंचार विधेयक, 2023 को पारित कर दिया गया। इससे पहले इस विधेयक पर दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बहस का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस विधेयक में डिजिटल भारत निधि यूएसओएफ (यूनिवर्सल सर्विसेज ऑब्लिगेशन फंड) को बदलने के संबंध में प्रावधान किया गया है।
06:49 PM, 20-Dec-2023
केंद्रीय वस्तु और सेवा कर (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2023 जो जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण के अध्यक्ष की ऊपरी आयु सीमा को मौजूदा 65 वर्ष से बढ़ाकर 67 वर्ष करता है और 10 वर्ष के अनुभव वाले अधिवक्ताओं को सदस्य बनने के लिए पात्र होने की अनुमति देता है, बुधवार को राज्यसभा से पारित हो गया।
05:16 PM, 20-Dec-2023
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 पर चर्चा का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैंने तीनों विधेयकों को गहनता से पढ़ा है और इन्हें बनाने से पहले 158 परामर्श सत्रों में भाग लिया है। अमित शाह ने कहा कि CrPC में पहले 484 धाराएं थीं, अब इसमें 531 धाराएं होंगी। 177 धाराओं में बदलाव किए गए हैं और 9 नई धाराएं जोड़ी गई हैं। 39 नई उप-धाराएं जोड़ी गई हैं। 44 नए प्रावधान जोड़े गए हैं। इन विधेयकों पर चर्चा और बहस के बाद तीनों विधेयकों को धवनिमत से पारित कर दिया गया। गौरतलब है कि विपक्ष लगातार इन विधेयकों की आलोचना कर रहा था।
05:00 PM, 20-Dec-2023
आपराधिक कानून संशोधन से जुड़े तीन अहम विधेयकों पर बुधवार को लोकसभा में बहस की गई। ये तीनों बिल भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) व भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह लेंगे। इस विधेयक में ट्रायल कोर्ट को अधिकतम तीन सालों में अनिवार्य रूप से निर्णय देने का प्रावधान किया गया है। हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इन विधेयकों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक विधेयक लोगों की नागरिक स्वतंत्रता और अधिकारों के लिए खतरा हैं क्योंकि वे पुलिस को किसी के भी खिलाफ कार्रवाई करने की व्यापक शक्तियां देते हैं।
03:20 PM, 20-Dec-2023
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि 20 दिसंबर 2023 से 18 जनवरी 2024 तक मुंबई पुलिस के अधिकार क्षेत्र के तहत सभी क्षेत्रों में सीआरपीसी धारा 144 के तहत नियमित निवारक आदेश जारी किए गए हैं।
03:19 PM, 20-Dec-2023
संसद में कार्यवाही के दौरान गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक दिसंबर, 2018 से 30 नवंबर, 2023 तक 324 मामले राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपे गए हैं।
02:48 PM, 20-Dec-2023
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान तख्तियां दिखाने के आरोप में विपक्ष के दो अन्य सांसदों को निलंबित किया गया है। सांसद सी थॉमस और ए एम आरिफ को निलंबित किया गया है। शीतकालीन सत्र के दौरान अब तक 143 सासंद निलंबित किए जा चुके हैं।
02:34 PM, 20-Dec-2023
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री मामले में लोकसभा और राज्यसभा की आचार समितियों में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसमें टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को निष्कासित करने की मांग की गई है।
12:02 PM, 20-Dec-2023
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी का विपक्ष पर हमला
राज्यसभा में संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विपक्षी सांसदों ने उपसभापति का अपमान किया है। पीएम और राष्ट्रपति का भी अपमान विपक्ष के द्वारा हमेशा किया गया। विपक्ष पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि किसान और जाट का अपमान किया गया है। एनडीए गठबंधन के सभी सांसद राज्यसभा की कार्यवाही में खड़े होकर शामिल होंगे। तकरीबन सभापति के सम्मान में एक घंटे तक सदन में अपनी सीट पर खड़ें रहेंगे।
11:04 AM, 20-Dec-2023
विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई है। वहीं लोकसभा में कार्यवाही जारी है।