फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates north east west south india elections 2026 politics crime national news in hindi

न्यूज डायरी: जादू-टोने के शक में पिता-पुत्र की हत्या, बालों की लंबाई को लेकर बच्चों से भेदभाव न करें स्कूल

Thu, 17 Sep 2026 11:11 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Thu, 17 Sep 2026 11:11 PM IST
विज्ञापन
news updates north east west south india elections 2026 politics crime national news in hindi
देश की बड़ी खबरें - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

ओडिशा के गजपति जिले में जादू-टोना करने के शक में पिता-पुत्र की हत्या के मामले में अदालत ने 12 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। पारलाखेमुंडी के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एचपी पटनायक ने सभी दोषियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना नहीं देने पर छह महीने की अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा होगी। अदालत ने 23 गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद फैसला सुनाया। दोषियों ने 12 जून 2021 को मुथागुड़ा गांव के बाहर लुका दलाबेहरा और उनके बेटे अनुक की हत्या की थी। पुलिस ने 15 जून को सभी को गिरफ्तार किया था।

विज्ञापन


बालों की लंबाई को लेकर बच्चों से भेदभाव न करें स्कूल
केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे बच्चों के बालों की लंबाई को लेकर उनके साथ भेदभाव या दंड न करें। आयोग ने कहा कि लड़के और किसी विशेष लिंग की पहचान न रखने वाले बच्चे अपनी पसंद के अनुसार बाल रख सकते हैं और कपड़े पहन सकते हैं। हालांकि, बाल साफ और व्यवस्थित होने चाहिए तथा आंखों या चेहरे को नहीं ढकने चाहिए। खेल, प्रयोगशाला और प्रायोगिक कक्षाओं में सुरक्षा के लिए बाल बांधने होंगे। स्कूल बालों की लंबाई को लेकर बच्चों को मानसिक रूप से परेशान या कक्षा से बाहर नहीं कर सकते।
विज्ञापन


गांधीनगर में रिश्वत लेते मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार
गांधीनगर नगर निगम के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेशकुमार पटेल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो  ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक व्यक्ति से फायर सेफ्टी रिन्यूअल एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता की सूचना पर एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी को सेक्टर-17 स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया। पुलिस ने रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

 

बेलगावी फ्रिज ब्लास्ट: इलाज के दौरान दो और की मौत, आंकड़ा 6 पहुंचा
कर्नाटक के बेलगावी में पिछले दिनों घर में लगे फ्रिज में हुए जोरदार धमाके और आग लगने की घटना में दो और झुलसे लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या छह हो गई है। मृतक पिता-पुत्र थे, जिनका गंभीर हालत में इलाज चल रहा था।

शुरुआती जांच के मुताबिक, फ्रिज फटने के बाद आग पूरे घर में तेजी से फैल गई थी, जिससे परिवार के लोग बाहर नहीं निकल सके। इससे पहले चार अन्य सदस्यों की मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से चावत गली इलाके में मातम पसरा हुआ है।

चाचा विधायक हैं...ड्यूटी नहीं की फिर भी 75 हजार वेतन
कर्नाटक के बागलकोट में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें कांग्रेस विधायक उमेश मेती की भतीजी डॉ. अंकिता आर यरगल बीते छह महीने से बिना ड्यूटी पर जाए वेतन प्राप्त कर रही थीं। मामला सामने आने के बाद उन्हें मेडिकल ऑफिसर के पद से हटा दिया गया है। डॉ. अंकिता की नियुक्ति बागलकोट के सरकारी ‘नम्मा क्लीनिक’ में चिकित्सा अधिकारी के तौर पर हुई थी।

आरोप है कि वह नियमित रूप से क्लिनिक नहीं जाती थीं, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनकी हाजिरी दर्ज होती रही और उन्हें करीब 75 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता रहा। इसी दौरान वह एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमडी (पैथोलॉजी) की पढ़ाई भी कर रही थीं। रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने मार्च 2026 में यह कोर्स शुरू किया था। मामला तब सामने आया जब स्थानीय स्तर पर उनकी अनुपस्थिति को लेकर शिकायतें हुईं। स्थानीय कार्यकर्ता राजू नाइक ने आरोप लगाया कि क्लिनिक का कामकाज मुख्य रूप से नर्सों के भरोसे चल रहा था। इसके बाद जिले के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने डॉ. अंकिता को सेवा से हटाने का आदेश दिया।

बढ़ती गर्मी से घट रहा बच्चों की पढ़ाई का समय
बढ़ता तापमान अब बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की दिनचर्या को भी प्रभावित करने लगा है। आईआईटी गुवाहाटी के एक नए अध्ययन के मुताबिक, जब तापमान चरम पर पहुंचता है तो बच्चे पढ़ाई में कम समय देते हैं और आराम तथा मनोरंजन जैसी गतिविधियों में अधिक समय बिताते हैं। गर्म दिनों में स्कूल और कॉलेज जाने की दर में भी कमी देखी गई है। इससे बच्चों के सीखने के लिए उपलब्ध समय प्रभावित हो सकता है। यह अध्ययन आईआईटी गुवाहाटी के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर भास्कर ज्योति नियोग के नेतृत्व में किया गया है। इसके निष्कर्ष रिव्यू ऑफ इकोनॉमिक्स ऑफ द हाउसहोल्ड जर्नल में प्रकाशित हुए हैं।

शोधकर्ताओं ने 2019 के नेशनल टाइम यूज सर्वे के आंकड़ों को रोजाना के मौसम संबंधी आंकड़ों से जोड़कर यह देखा कि अलग-अलग तापमान में बच्चे अपने समय का इस्तेमाल कैसे करते हैं। अत्यधिक गर्म या बेहद ठंडे मौसम में बच्चों के समय के इस्तेमाल में बदलाव आता है। पढ़ाई के लिए दिया जाने वाला समय घटता है, जबकि आराम और मनोरंजन जैसी गतिविधियों के लिए समय बढ़ जाता है। गर्म दिनों में शैक्षणिक संस्थानों में उपस्थिति घटने का संबंध भी सामने आया है।

लंदन दौरा पूरा कर चेन्नई लौटे सीएम विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय छह दिवसीय ब्रिटेन दौरा पूरा कर गुरुवार को चेन्नई लौट आए। निवेश आकर्षित करने के लिए गए प्रतिनिधिमंडल ने करीब 12,300 करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए। सरकार के मुताबिक, इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

गांव में घुसा जंगली हाथी, दो SUV को किया क्षतिग्रस्त
केरल के मरयूर में गुरुवार रात एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और सड़क किनारे खड़ी दो SUV को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथी घरों और रिसॉर्ट परिसरों में भी पहुंच गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। वन विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथी को जंगल में खदेड़ने की कोशिश शुरू की।

लातूर को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग, किसानों के लिए राहत मांगी
महाराष्ट्र के लातूर जिले में कम बारिश और खरीफ फसलों को हुए भारी नुकसान के चलते कांग्रेस नेताओं ने सरकार से जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। लातूर सांसद शिवाजी कालगे, पूर्व मंत्री अमित देशमुख और एमएलसी विक्रम काले ने किसानों को तत्काल आर्थिक मदद देने की मांग की। नेताओं ने सोयाबीन समेत अन्य खरीफ फसलों के नुकसान का सही आकलन कर रिपोर्ट सरकार को भेजने को कहा। साथ ही फसल बीमा का मुआवजा, कर्जमाफी योजना का विस्तार, चारा शिविर और टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने की मांग की गई। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मुताबिक राज्य के 18 जिलों में सूखे जैसे हालात हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed