Live
बालेंद्र शाह का दो दिवसीय भारत दौरा LIVE: दिल्ली पहुंचे बालेंद्र शाह, कल पीएम मोदी से करेंगे बातचीत
{"_id":"6b02ab98e23fa399a20adfcd","slug":"nepal-pm-balendra-shah-india-visit-live-pm-modi-president-murmu-india-nepal-relations-news-in-hindi-update-2026-11-22","type":"live","status":"publish","title_hn":"बालेंद्र शाह का दो दिवसीय भारत दौरा LIVE: दिल्ली पहुंचे बालेंद्र शाह, कल पीएम मोदी से करेंगे बातचीत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Sun, 22 Nov 2026 06:57 PM IST
निर्मल कांत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नई दिल्ली।
Published by: निर्मल कांत
Updated Sun, 22 Nov 2026 06:57 PM IST
खास बातें
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा पर सबकी नजरें टिकी हैं। बालेंद्र शाह के भारत दौरे की हर छोटी-बड़ी खबर और सभी ताजा अपडेट यहां पढ़ें।
विज्ञापन
बालेंद्र शाह, नेपाल के प्रधानमंत्री
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/विदेश मंत्रालय, नेपाल
लाइव अपडेट
06:56 PM, 22-Nov-2026
भारत-नेपाल के बीच बिजली कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच हुए दीर्घकालिक बिजली व्यापार समझौते के तहत अगले 10 वर्षों में नेपाल से भारत को 10,000 मेगावाट तक बिजली आयात करने की योजना है। फिलहाल भारत नेपाल से करीब 1,200 मेगावाट बिजली खरीद रहा है। नवंबर 2024 से नेपाल भारत के बिजली ग्रिड के जरिये बांग्लादेश को भी बिजली निर्यात कर रहा है। दोनों देश सीमा पार बिजली आपूर्ति बढ़ाने के लिए नई और अधिक क्षमता वाली ट्रांसमिशन लाइनें विकसित कर रहे हैं।
05:48 PM, 22-Nov-2026
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह के बीच कल होगी बातचीत
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसमें ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर रहेगा। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली भारत यात्रा है। दोनों नेताओं की बैठक से भारत-नेपाल संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
- बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री नेपाल में कई परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन कर सकते हैं। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने से जुड़े समझौतों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी होगा। दोनों देश रक्सौल-काठमांडू रेल संपर्क की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने की तैयारी है।
- भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात का करीब 80 प्रतिशत भारत पहुंचता है। हालांकि, मई में सीमा विवाद को लेकर बालेंद्र शाह की चीन और ब्रिटेन की भूमिका संबंधी टिप्पणी के बाद दोनों देशों के रिश्तों में असहजता आई थी। सोमवार की बैठक में सहयोग बढ़ाने के साथ संबंधों को मजबूत करने पर भी ध्यान रहेगा।
विज्ञापन
04:31 PM, 22-Nov-2026
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली के होटल पहुंचे
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली पहुंचने के बाद एक होटल पहुंचे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के रूप में यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। शाह की इस यात्रा को भारत और नेपाल के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।04:28 PM, 22-Nov-2026
केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने किया स्वागत
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय राजकीय दौरे पर रविवार को दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए शाह का मार्च 2026 में पद संभालने के बाद यह पहला भारत दौरा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। इस यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।03:40 PM, 22-Nov-2026
दिल्ली पहुंचे नेपाल के पीएम बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं। मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद से यह शाह की भारत की पहली यात्रा और पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।02:38 PM, 22-Nov-2026
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ मौजूद रहे। गृह मंत्री सुधन गुरुंग भी वहां पहुंचे। इसके अलावा, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद और प्रवक्ता जगदीश खरेल भी मौजूद थे। हवाई अड्डे पर सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
02:25 PM, 22-Nov-2026
दोनों पड़ोसी देशों के संबंध ऐतिहासिक: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने अपने बयान में भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा था कि दोनों पड़ोसी देशों के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं। मंत्रालय के अनुसार, व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा एवं जल संसाधन तथा भौतिक और डिजिटल संपर्क जैसे विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग ने प्रगति की है।02:24 PM, 22-Nov-2026
नेपाल के सरकारी प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य
नेपाल के आधिकारिक सरकारी प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य होंगे। नेपाल के भारत में राजदूत और कुछ अन्य सदस्य नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल से जुड़ेंगे। इसके अतिरिक्त, दोनों देशों के बीच कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल होगा।इस दौरान नेपाल-भारत व्यापार मंच का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को आकर्षित करना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी तथा निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
02:21 PM, 22-Nov-2026
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ कौन-कौन आएंगे?
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यनजनकर और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी होंगे।नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में बताया था कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री 23 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसमें आपसी हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी। द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नेपाली समकक्ष और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर के भोज का आयोजन भी करेंगे। राय के मुताबिक, यात्रा के दौरान संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकीं कई परियोजनाओं का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके अलावा नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
दोनों देशों के बीच बातचीत में व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग मजबूत करने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से जुड़े सहयोग के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है।
02:19 PM, 22-Nov-2026
