फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Lok Sabha Election Live: शाह का तीखा हमला, कहा- पाकिस्तान राहुल गांधी पर बहुत खुश; ओवैसी ने घर-घर प्रचार किया

Wed, 08 May 2024 10:09 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: काव्या मिश्रा Updated Wed, 08 May 2024 10:09 PM IST
खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। अब तक तीन चरणों के दौरान कई प्रदेशों में मतदान हो गए हैं और अभी आगे कई राज्यों में कराए जाने हैं। इसके साथ ही धुआंधार चुनाव प्रचार का दौर भी जारी है। 

विज्ञापन
Lok Sabha Election 2024 Live Phase Wise Polls Result Dates Parties Congress BJP Campaigns News in Hindi
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

10:02 PM, 08-May-2024

महाराष्ट्र की रैली में बरसे शाह- पाकिस्तान राहुल गांधी पर बहुत खुश

महाराष्ट्र के जालना में  चुनावी रैली करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लेकर पाकिस्तान बहुत खुश है। शाह ने कहा कि हर दिन पाकिस्तान के लोग राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक होने पर राहुल सवाल खड़े करते हैं।

08:44 PM, 08-May-2024

हैदराबाद में ओवैसी ने घर-घर जाकर प्रचार किया

तेलंगाना में चुनाव प्रचार जोरों पर है। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने 13 मई को होने वाले मतदान से पहले बहादुरपुरा में घर-घर जाकर प्रचार किया। पीएम मोदी और शाह पर निशाना साधा
चुनाव प्रचार के दौरान ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 40 साल से हम भाजपा को हरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने और भाजपा की सरकार बनी, उस समय भी हम जीते। 2019 में भी पीएम मोदी की सरकार आई, लेकिन जीत हमारी हुई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह जब तक AIMIM का नाम न लें तब तक उनके पेट का दर्द खत्म नहीं होता। ओवैसी ने सवाल किया, सरकार को बताना चाहिए कि पीएम केयर फंड के पैसे कहां है? इलेक्टोरल बॉन्ड से जो पैसे लिए वह किस बैंक में है?

विज्ञापन
08:32 PM, 08-May-2024

प्रधानमंत्री के सियासी प्रहार पर राहुल गांधी का पलटवार

तेलंगाना की चुनावी रैली में पीएम मोदी ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दाल में जरूर कुछ काला है, जिसके कारण कांग्रेस के शहजादे अब अंबानी और अदाणी पर बयान नहीं देते। पीएम मोदी के हमले के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, केंद्र सरकार को अदाणी-अंबानी की जांच के लिए सीबीआई और ईडी को भेजना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी कि वह इस बात की जांच सीबीआई या ईडी से कराएं कि क्या दोनों उद्योगपतियों ने कांग्रेस पार्टी को 'पैसे' भेजे हैं।

प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश में पूछा, क्या मोदी व्यवसायियों द्वारा भेजे जा रहे पैसे के बारे में अपने 'व्यक्तिगत अनुभव' से बोल रहे हैं? उन्होंने कहा, जो पैसा पीएम मोदी ने दो व्यापारियों को दिया है, कांग्रेस पार्टी उन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भारत के लोगों को उतना ही पैसा देगी। कांग्रेस ने इसका वादा भी किया है। सोशल मीडिया हैंडल- एक्स पर जारी बयान में राहुल ने कहा, देश जानता है कि भाजपा के भ्रष्टाचार में ड्राइवर और खलासी कौन है।
राहुल ने सवाल किया कि क्या पीएम मोदी थोड़े डरे हुए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि आम तौर पर प्रधानमंत्री बंद दरवाजों के पीछे अदाणी और अंबानी के बारे में बातें करते हैं, लेकिन पहली बार आपने सार्वजनिक रूप से दोनों के बारे में बात की है।
07:46 PM, 08-May-2024

महाराष्ट्र में चरम पर भाजपा का उत्साह; पवार के सभी नेताओं को मात का दावा

केंद्रीय मंत्री और मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल ने रोड शो किया।
महाराष्ट्र में राजनीतिक माहौल पर भाजपा के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा, 'शरद पवार की पार्टी के सारे उम्मीदवार हार रहे हैं। खुद सुप्रिया सुले भी हार रही हैं। शरद पवार की पार्टी का इतिहास भी यही रहा है कि जब भी उनकी पार्टी हारने वाली होती है तो वह ऐसे बयान देते हैं।'
06:20 PM, 08-May-2024

असम में चुनाव ड्यूटी के दौरान 'मानसिक उत्पीड़न' और धमकी देने के आरोप

असम के एक अंचल अधिकारी ने नलबाड़ी जिले के उपायुक्त (डीसी) के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। इसमें वरिष्ठ अधिकारी पर चुनाव ड्यूटी के दौरान 'मानसिक उत्पीड़न के साथ-साथ सार्वजनिक रूप से अपमान और धमकी देने' का आरोप लगाया गया है। अपनी शिकायत में सरमा ने आरोप लगाया कि उन्हें तिहू विधानसभा के इश्यू और रसीद काउंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए दिन में ही व्हाट्सएप पर आदेश जारी कर दिया गया था।

शिकायत पर डीसी का बयान
इस मामले में नलबाड़ी के डीसी वर्नाली डेका ने कहा, पश्चिम नलबाड़ी अंचल की अधिकारी (सीओ) अर्पणा सरमा ने अपने कर्तव्य की 'उपेक्षा' की। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी के लिए गुर्डन हायर सेकेंडरी सरकारी स्कूल में तैनात अंचल अधिकारी ने केंद्रीय चुनाव प्रबंधन स्थल को सुबह 2 बजे काम पूरा किए बिना 'छोड़ दिया।' बता दें कि बरपेटा लोकसभा क्षेत्र में आने वाले नलबाड़ी जिले में मंगलवार को तीसरे चरण में मतदान कराया गया।
05:36 PM, 08-May-2024

पीएम मोदी के खिलाफ तमिलनाडु हाईकोर्ट पहुंची कांग्रेस

पीएम मोदी के भाषणों के खिलाफ तमिलनाडु कांग्रेस ने मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) ने मद्रास उच्च न्यायालय में दायर याचिका के माध्यम से चुनाव आयोग (ईसीआई) को नोटिस जारी करने की अपील की है। कांग्रेस का आरोप है कि पीएम मोदी ने भाजपा के चुनाव प्रचार के दौरान जैसे भाषण दिए हैं, वह सांप्रदायिक हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश भी दिया है। बुधवार को जस्टिस एडी जगदीश चंदीरा और आर कलईमथी की ग्रीष्मकालीन अवकाश पीठ के समक्ष यह मामला पहुंचा। इसमें यह भी कहा गया कि उच्च न्यायालय की रजिस्ट्री याचिका स्वीकार करने से सिर्फ इसलिए इनकार कर रही थी क्योंकि आरोप प्रधानमंत्री के खिलाफ लगाए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
05:05 PM, 08-May-2024

झारखंड में गरजे तेजस्वी, कहा- भाजपा नीत राजग सरकार संविधान बदलने पर आमादा

राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार देश के संविधान को 'बदलने' और एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणियों से 'आरक्षण छीनने' की कोशिश कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि राजद भाजपा की ऐसी तमाम कोशिशों को नाकाम कर देगी।
04:46 PM, 08-May-2024

सात दिनों के भीतर बंगलूरू के थाने में पेश होने का नोटिस

कर्नाटक पुलिस ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को तलब किया है। नोटिस के मुताबिक दोनों को राजधानी बंगलूरू के हाई ग्राउंड्स थाने में सात दिनों के भीतर आना होगा। दोनों के खिलाफ कथित तौर पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) समुदाय के खिलाफ दुष्प्रचार को शह देने आरोप लगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी की कर्नाटक इकाई की तरफ से हाल ही में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। नोटिस इसी एक्स पोस्ट के संबंध में भेजा गया है।

03:58 PM, 08-May-2024

के सुधाकरन केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने

केरल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुधाकरन (फाइल) - फोटो : एएनआई
अनुभवी नेता के सुधाकरन ने एक बार फिर केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद संभाला है। कांग्रेस नेताओं के एक धड़े की नाराजगी और आपत्ति की खबरों के बीच, बुधवार को केरल पार्टी मुख्यालय में सुधाकरन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नाराजगी और तल्खी भी दिखी, क्योंकि एमएम हसन सहित प्रमुख नेता, सुधाकरन के पदभार संभालने के दौरान नदारद रहे। हसन सुधाकरन की गैरमौजूदगी में केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

सुधाकरन ने पदभार ग्रहण करने से पहले अनुभवी नेता एके एंटनी से उनके आवास पर मुलाकात भी की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निर्देश के अनुसार, हाल के लोकसभा चुनावों में कन्नूर निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सुधाकरन ने अस्थायी रूप से अध्यक्ष पद हसन को सौंप दिया था।
03:47 PM, 08-May-2024

माधवी लता ने ओवैसी से पूछे तीखे सवाल

हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता ने आरोप लगाया कि इस संसदीय क्षेत्र में लंबे समय से ज़्यादती होती आ रही है। उन्होंने कहा, 40 सालों से यहां से चुनाव जीतने वाले असदुद्दीन ओवैसी या अकबरुद्दीन ओवैसी आज तक यहां की एक भी समस्या हल नहीं करा पाए हैं। उन्होंने कहा, हैदराबाद के कई घरों में गरीबी के कारण मुसलमान लड़कियों की शादी दूसरे देशों में करवा दी जाती है। वहां जाने के बाद उनकी क्या हालत होती है ये किसी से भी छिपा नहीं है। हम सब जानते हैं। आज तक ओवैसी भाइयों ने इस बारे में कोई जांच नहीं कराई है। दोनों ने सच जानने की कोशिश तक नहीं की है। कितने हिंदू परिवार भी 'लव जिहाद' को लेकर शिकायत करते रहे हैं, लेकिन सच आज तक सामने नहीं आया है। माधवी ने सवाल किया कि क्या इन मुद्दों के बारे में जांच करवाने की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed