12:10 PM, 09-Jan-2023
कुल पांच फ्लाइटें जयपुर डायवर्ट
घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली कुल पांच फ्लाइटें जयपुर डायवर्ट की गई हैं।
11:32 AM, 09-Jan-2023
यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा
ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेस-वे पर दनकौर क्षेत्र में सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा में जा रही दूसरी कार डस्टर गाड़ी से टकरा गई, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
11:24 AM, 09-Jan-2023
नोएडा में दो अलग-अलग स्थानों पर दुर्घटना
घने कोहरे के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे पर सेक्टर 142 के समीप दो अलग-अलग स्थानों पर वाहन आपस में टकरा गए।
10:54 AM, 09-Jan-2023
दृश्यता कम होने से तीन फ्लाइटें दिल्ली से जयपुर डायवर्ट
दिल्ली में दृश्यता कम होने के कारण तीन फ्लाइटें जयपुर की ओर डायवर्ट कर दी गईं हैं। इनमें शारजहां से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस, अहमदाबाद से आ रही स्पाइसजेट और पुणे से आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइटें शामिल हैं।
10:31 AM, 09-Jan-2023
मौसम की वजह से करीब 15 फ्लाइटें लेट
वहीं, घने कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 29 ट्रेनें लेट से चल रही हैं। भीषण कोहरे और ठंड के कारण उड़ानें प्रभावित हैं। दिल्ली हवाईअड्डे पर यात्रियों का कहना है कि हवाईअड्डे पर दृश्यता बहुत कम है और यहां का मौसम बहुत ठंडा है। उधर, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विज़िबिलिटी कम होने के कारण शारजाह से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया है। खराब मौसम की वजह से करीब 15 फ्लाइटें लेट हुई हैं। दिल्ली हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
10:14 AM, 09-Jan-2023
अभी और गिरेगा पारा, छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। मध्य भारत में अगले एक दो दिनों में पारा दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, चंडीगढ़, पंजाब व हरियाणा में कोहरा और बढ़ने की संभावना जताई गई है। यही हाल हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल में रहने वाला है।
09:53 AM, 09-Jan-2023
घना कोहरे होने के कारण दृश्यता न के बराबर
दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में घना कोहरे होने के कारण दृश्यता न के बराबर है। पंजाब के बठिंडा में शून्य दृश्यता रही तो अमृतसर में 25 मीटर, अंबाला में 25 मीटर, हिसार में 50 मीटर, दिल्ली (सफदरगंज) में 25 मीटर, पालम में 50 मीटर, आगरा में शून्य, लखनऊ में शून्य, वाराणसी में 25 मीटर, बहराइच में 50 मीटर, प्रयागराज में 50 मीटर, बिहार के पूर्णिया, पटना और गया में 50 मीटर रही।
09:37 AM, 09-Jan-2023
अगले दो दिनों तक शीतलहर से राहत नहीं
सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई। शीतलहर भी लोगों पर जमकर कहर बरपा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो दिनों तक शीतलहर से राहत नहीं मिलने वाली है।
09:25 AM, 09-Jan-2023
दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया
देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम है। कोहरे की वजह से फ्लाइटें लेट हो रही हैं। इसके साथ ही कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 29 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
09:10 AM, 09-Jan-2023
आगरा में दृश्यता का स्तर शून्य मीटर तक गिरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बठिंडा और आगरा में दृश्यता का स्तर शून्य मीटर तक गिर गया और पटियाला, चंडीगढ़, हिसार, अलवर, पिलानी, गंगानगर, लखनऊ और कूचबिहार में 25 मीटर तथा अमृतसर और लुधियाना, अंबाला, भिवानी, पालम (दिल्ली), फुर्सतगंज, वाराणसी, मेरठ, गया और धुबरी में दृश्यता 50 मीटर रही।