02:35 AM, 30-Jul-2023
वेस्टइंडीज ने भारत को हराया
वेस्टइंडीज ने दूसरे वनडे में भारत को छह विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही कैरिबियाई टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। केसी कार्टी ने हार्दिक के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.5 ओवर में 181 रन बनाए थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 55 रन ईशान किशन के बल्ले से निकले थे। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड और गुदाकेश मोती ने तीन-तीन विकेट लिए थे। वेस्टइंडीज ने 182 रन का लक्ष्य 36.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। शाई होप ने कप्तानी पारी खेली और नाबाद 63 रन बनाए। वहीं, केसी कार्टी 48 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए शार्दुल ने तीन विकेट लिए। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच मंगलवार को त्रिनिदाद में खेला जाएगा।
02:16 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज का स्कोर 150 रन के पार
चार विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है और टीम को जीत के करीब ले आए हैं। अब वेस्टइंडीज का जीत के लिए सिर्फ 27 रन की जरूरत है।
02:02 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: शाई होप और केसी कार्टी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
शाई होप और केसी कार्टी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बहुत ही संभलकर खेले हैं और अपनी टीम को जीत के करीब ले आए हैं। अब वेस्टइंडीज को जीतने के लिए सिर्फ 41 रन की जरूरत है। शाई होप भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 150 रन के करीब है।
01:31 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार
चार विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान शाई होप और कार्टी क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 25 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 117 रन है।
01:09 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज को चौथा झटका लगा
91 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का चौथा विकेट गिरा है। शिमरन हेटमायर 15 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब शाई होप के साथ केसी कार्टी क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 92 रन है।
12:48 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा
72 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा है। एलिक अथानजे नौ गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इस मैच में यह उनकी तीसरी सफलता है। अब शाई होप के साथ शिमरन हेटमायर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 84 रन है।
12:27 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: शार्दुल ने एक ओवर में दो विकेट लिए
शार्दुल ठाकुर ने एक ही ओवर में वेस्टइंडीज के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर मैच में भारत की वापसी कराई है। मेयर्स के बाद उन्होंने ब्रेंडन किंग को अपना शिकार बनाया। किंग 23 गेंद में 15 रन बनाने के बाद विकेटों के सामने पकड़े गए। अब अथानजे और शाई होप क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 54/2 है।
12:24 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: मेयर्स को शार्दुल ने आउट किया
काइल मेयर्स 28 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें उमरान मलिक के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने अपनी पारी में दो छक्के और चार चौके लगाए। अब भारत ने राहत की सांस ली होगी। ब्रेंडन किंग के साथ एलिक अथानजे क्रीज पर हैं।
12:23 AM, 30-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज का स्कोर 50 रन के पार
182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने शानदार शुरुआत की है। टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। मेयर्स और किंग आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम का स्कोर पावरप्ले के अंदर 50 रन के पार ले जा चुके हैं।
11:59 PM, 29-Jul-2023
IND vs WI 2nd ODI Live: वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू
182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। काइल मेयर्स और ब्रेंडन किंग क्रीज पर हैं। मेयर्स तेज गति से रन बना रहे हैं और वेस्टइंडीज की टीम को अच्छी शुरुआत मिली है। चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन है।