11:36 PM, 22-Jul-2023
चौथे दिन का खेल समाप्त
एशेज के चौथे टेस्ट का चौथा दिन बारिश की वजह से बाधित रहा। पहला सत्र और आखिरी सत्र बारिश की वजह से धुल जाने के कारण अब मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट गंवाकर 214 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 317 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 592 रन बनाकर 275 रन की बढ़त हासिल की थी। ऐसे में कंगारू अभी भी इंग्लैंड से 61 रन पीछे हैं। पांचवें दिन इंग्लैंड की टीम पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को पारी से हराने की कोशिश करेगी, तो वहीं ऑस्ट्रेलिया ड्रॉ करवाने की ओर अग्रसर होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है।
चौथे दिन मार्नस लाबुशेन के शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वापसी की। एक वक्त कंगारुओं ने 108 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद लाबुशेन ने मिचेल मार्श के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी निभाई। लाबुशेन 173 गेंदों में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 111 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रूट ने बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। फिलहाल मिचेल मार्श 31 रन और कैमरन ग्रीन तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले उस्मान ख्वाजा 18 रन, डेविड वॉर्नर 28 रन, स्टीव स्मिथ 17 रन और ट्रेविस हेड एक रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से मार्क वुड ने तीन विकेट लिए हैं। वहीं, क्रिस वोक्स और जो रूट को एक-एक विकेट मिला है।
09:53 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: चायकाल के बाद शुरू नहीं हुआ मैच
मैनचेस्टर टेस्ट के चौथे दिन चायकाल के बाद खेल शुरू नहीं हो सका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 214 रन है। मिचेल मार्श 31 और कैमरन ग्रीन तीन रन बनाकर नाबाद हैं। कंगारू टीम अभी भी 61 रन पीछे है।
09:20 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: जो रूट ने दिलाई इंग्लैंड को सफलता
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और ऑफ स्पिनर जो रूट ने टीम को पांचवीं और दिन की पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मार्नश लाबुशेन को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। लाबुशेन 173 गेंद पर 111 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 214 रन बना लिए हैं। वह 61 रन पीछे है। मिचेल मार्श और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैंं।
09:06 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: लाबुशेन का शानदार शतक
ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नश लाबुशेन ने शानदार शतक लगाया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को संकट से निकालते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की है। लाबुशेन का विदेशी मैदान पर यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने 2022 में श्रीलंका के खिलाफ गाले में शतक लगाया था। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 205 रन बना लिए हैं। वह इंग्लैंड से अब 70 रन पीछे है। लाबुशेन 107 और मिचेल मार्श 29 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी कर ली है।
08:35 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 162/4
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट पर 162 रन बना लिए हैं। मार्नश लाबुशेन 62 और मिचेल मार्श 21 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी कर ली है। इंग्लैंड को मैच के चौथे दिन एक भी सफलता नहीं मिली है।
07:33 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: लाबुशेन ने पूरा किया अर्धशतक
मार्नश लाबुशेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 132 रन बना लिए हैं। लाबुशेन 52 और मिचेल मार्श 11 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया की टीम अभी भी इंग्लैंड से 143 रन पीछे है।
07:17 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: आखिरकार शुरू हुआ चौथे दिन का खेल
बारिश के बाद आखिरकार चौथे दिन का खेल शुरू हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के मार्नश लाबुशेन और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। कंगारू टीम ने तीसरे दिन के स्कोर चार विकेट पर 113 रन से आगे खेलना शुरू किया है। इंग्लैंड के लिए चौथे दिन गेंदबाजी की शुरुआत जेम्स एंडरसन ने की है।
06:52 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: जल्द शुरू होगा खेल
मैनचेस्टर में बारिश रुक गई है। अंपायरों ने पिच और मैदान को देखने के बाद खेल को शुरू कराने का फैसला लिया है। भारतीय समयानुसार शाम 7:15 बजे चौथे दिन के खेल की शुरुआत होगी।
05:33 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: अंपायरों ने की लंच की घोषणा
मैनचेस्टर में बारिश के कारण चौथे दिन पहले सेशन का खेल धुल गया है। अंपायरों ने लंच की घोषणा कर दी है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को अब तक मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला है।
04:27 PM, 22-Jul-2023
ENG vs AUS Test Live: बारिश अभी भी जारी
मैनचेस्टर में मौसम अभी तक साफ नहीं हुआ है। लगातार बारिश हो रही है। दोनों टीमों के खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम बैठे हैं। इंग्लैंड की चाह रही होगी कि जल्द से जल्द बारिश खत्म हो। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई बारिश जारी रहने की दुआ कर रही होगी।