05:18 PM, 11-Mar-2022
भाजपा नेता पर हुए हमले खिलाफ पूर्व विधायक ने लगाया धरना
पंजाब विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद जालंधर में भाजपा नेता किशनलाल शर्मा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। इस हमले में भाजपा नेता को चोटें भी आई थी व उनके कपड़े भी फाड़ दिए थे। चुनावी मतगणना केंद्र के बाहर हुए हमले के मामले में पूर्व विधायक व सीपीएस केडी भंडारी अब भाजपा नेता किशनलाल शर्मा के समर्थन में उतर आए हैं। केडी भंडारी ने किशन लाल शर्मा व भाजपा के अन्य नेताओं व महिला सदस्यों के साथ पुलिस कमिश्नर दफ्तर के अंदर धरना लगा दिया। उन्होंने जालंधर नार्थ जीते कांग्रेसी विधायक बावा हैनरी व उनके पिता पूर्व मंत्री अवतार हैनरी की गिरफ्तारी की मांग कर दी।
04:26 PM, 11-Mar-2022
पंजाब के लोगों से किए वादे पूरे करेंगे- मान
आप विधायक गुरदेव सिंह देव मान ने जीत पर कहा कि हम जीत गए हैं और एक चुनौती है क्योंकि हमें पंजाब के लोगों के वादों और उम्मीदों को पूरा करना है। हम ईमानदारी से काम करेंगे और हमारा लक्ष्य पंजाब को हर घर में रोजगार उपलब्ध कराकर भ्रष्टाचार और नशा मुक्त बनाना होगा।
04:13 PM, 11-Mar-2022
13 मार्च को अमृतसर में विजय मार्च
13 मार्च को आम आदमी पार्टी अमृतसर में विजय मार्च निकालेगी।
03:58 PM, 11-Mar-2022
कांग्रेस पर भड़के कैप्टन
पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे कभी नहीं सीखेंगे। यूपी में कांग्रेस की शर्मनाक हार का जिम्मेदार कौन है? मणिपुर, गोवा, उत्तराखंड के बारे में क्या? दीवार पर बड़े अक्षरों में उत्तर लिखा हुआ है लेकिन हमेशा की तरह मुझे लगता है कि वे इसे पढ़ने से बचेंगे।
03:46 PM, 11-Mar-2022
नवजोत सिद्धू ने कहा-जनता कभी गलत नहीं होती
नवजोत सिद्धू ने कांग्रेस की हार पर कहा कि आप जो बोते हैं वही काटते हैं... यह चुनाव एक बदलाव के लिए था... लोगों ने एक महान निर्णय लिया...जनता कभी गलत नहीं होती...मैं इस बारे में गहराई से नहीं सोच रहा हूं कि लोगों ने चन्नी के चेहरे को मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के रूप में स्वीकार किया है या नहीं।
03:09 PM, 11-Mar-2022
भगवंत मान ने केजरीवाल से की मुलाकात
आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान ने दिल्ली में पार्टी के संयाेजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। मान ने केजरीवाल के पैर छुए तो केजरीवाल ने उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मौजूद रहे।
02:45 PM, 11-Mar-2022
बैठक में परिणामों पर आत्मनिरीक्षण करेंगे अकाली
अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन पर कहा कि हम लोगों के फैसले को स्वीकार करते हैं। हम परिणामों का आत्मनिरीक्षण करने के लिए बैठक करेंगे। हम पंजाब में आम आदमी पार्टी का समर्थन करेंगे।
02:36 PM, 11-Mar-2022
सिद्धू बोले, अब चिंता नहीं चिंतन होना चाहिए
पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू ने पार्टी की करारी हार पर कहा कि सिद्धू के लिए गड्ढा खोदने वाले लोग 10 फुट गहरे गड्ढों में दब गए। जो बीत गया उसे जाने दीजिए। लोगों ने बदलाव के लिए आप को वोट दिया, मैं उन्हें बधाई देता हूं। अब चिंता नहीं, बल्कि 'चिंतन' किया जाना चाहिए।
02:30 PM, 11-Mar-2022
शनिवार को राज्यपाल से मिलेंगे भगवंत मान
आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत सिंह मान बुधवार 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले 12 मार्च शनिवार को पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
02:21 PM, 11-Mar-2022
डीएस पटवालिया ने पंजाब के एडवोकेट जनरल के पद से दिया इस्तीफा
पंजाब में कांग्रेस की हार के बाद पंजाब के एडवोकेट जनरल डीएस पटवालिया ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। डीएस पटवालिया ने पंजाब के राज्यपाल को कुछ देर पहले अपना इस्तीफा भेज दिया है।