क्या आपको भी कभी बैठे-बैठे या चलते हुए गर्दन-पैरों में अचानक तेज दर्द का अनुभव हुआ है? आमतौर इसे नस चढ़ने की समस्या माना जाता है।
सेहत की बात: नस चढ़ने के दर्द से आप भी रहते हैं परेशान? जानिए क्यों होती है ये दिक्कत और कैसे पाएं आराम
नस चढ़ने की समस्या ज्यादातर सोने के दौरान या खेलते-दौड़ते हो सकती है। कई बार ये उठते-बैठते, अंगड़ाई लेने और व्यायाम के दौरान भी हो सकती है। इससे शरीर के उस हिस्से में बहुत तेज दर्द और अकड़न महसूस होने लगती है
नस चढ़ने की समस्या के बारे में जानिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, नस चढ़ने की ये समस्या ज्यादातर सोने के दौरान या खेलते-दौड़ते हो सकती है। कई बार ये उठते-बैठते, अंगड़ाई लेने और व्यायाम के दौरान भी हो सकती है। इससे शरीर के उस हिस्से में बहुत तेज दर्द और अकड़न महसूस होने लगती है, लेकिन कुछ ही देर में यह दूर भी हो जाता है।
- शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी से रक्त संचार सही तरीके से नहीं हो पाता है, जिससे नसें चढ़ सकती हैं।
- हीमोग्लोबिन रक्त कोशिकाओं के जरिए शरीर के हर एक अंग में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। जब यह प्रक्रिया सही तरीके से नहीं हो पाती है, तो ऐसी समस्या हो सकती है। इसे दूर करने के लिए आयरन से भरपूर खाने को भोजन में शामिल करें।
- विटामिन -सी शरीर को लचीला बनाए रखने का काम भी करता है। इसकी कमी होने पर रक्त कोशिकाएं कमजोर होने लगती हैं, जिससे नसें एक के ऊपर एक चढ़ जाती हैं।
क्या कहते हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ?
अध्ययनों से पता चलता है कि शरीर में पानी, सोडियम, पोटैशियम, कैल्शियम की कमी के चलते भी यह समस्या परेशान कर सकती है। डायबिटीज, अल्कोहल का ज्यादा सेवन, शारीरिक कमजोरी वाले लोगों में ये दिक्कत अधिक देखी जाती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अनिल बंसल बताते हैं, नस चढ़ने की समस्या से बचने के लिए सोते समय पैरों के नीचे तकिया रख कर सोएं। इसके अलावा शरीर में पोटैशियम की कमी न होने दें। इन उपायों से राहत न मिले तो चिकित्सक से संर्पक करें।
नस चढ़ने के इन कारणों को भी जानिए
नस चढ़ने के कई कारण हो सकते हैं जिनके बारे में आपको पता होना जरूरी है।
- ज्यादा शारीरिक मेहनत या व्यायाम (बिना वार्म-अप किए भारी व्यायाम) करने पर ये दिक्कत हो सकती है।
- लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने या खड़े रहने से भी आपको ऐंठन-दर्द हो सकता है।
- गर्भावस्था के दौरान ये समस्या अक्सर महिलाओं को परेशान करती रहती है।
अगर आपको भी नस चढ़ने, मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या हो रही है तो उस हिस्से को धीरे-धीरे स्ट्रेच करें और हल्की मालिश करें। गर्म पानी की बोतल या गर्म तौलिए से सेकाई से भी दर्द में आराम मिल सकती है। इसके अलावा अगर उस हिस्से में दर्द के साथ सूजन भी हो गई है तो ठंडी सिंकाई करने से भी आराम मिलता है। नियमित स्ट्रेचिंग और योग की आदत बनाकर आप इस तरह की दर्द-ऐंठन जैसी दिक्कतों से बचे रह सकते हैं।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।