180 किलो के इस पुलिसवाले पर जमकर मचा था हंगामा, जानें क्या है मोटापे की असली वजह
शोभा डे के ट्वीट के बाद से इंस्पेक्टर दौलतराम जोगावत लगातार चर्चा में हैं। उनके मोटापे की वजह से उनका मजाक उड़ा था। मगर उनके 180 किलो वजन के पीछे एक बीमारी का हाथ है। 1993 में गाल ब्लैडर के ऑपरेशन के बाद लगातार उनका वजन बढ़ने लगा था। लेकिन अब उन्हें इस समस्या से मुक्ति मिलने के आसार हैं। उनका इलाज मुंबई के सर्जन मुफ्फजल लाकड़ावाला करेंगे।
लेकिन गाल ब्लैडर के ऑपरेशन के बाद आखिर वजन बढ़ क्यों जाता है? जब गाल ब्लैडर में पथरी हो जाती है तो गाल ब्लैडर को निकाल देना जरूरी हो जाता है। इस प्रक्रिया को cholecystectomy(कोलसिस्टेकटॉमी) कहते हैं। इस ऑपरेशन के बाद वजन में तेजी से बदलाव आता है। कुछ लोगों के लिए ये मोटापा लेकर आता है तो कुछ लोगों के लिए दुबलापन।
इस समस्या से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
गाल ब्लैडर हमारे पाचन तंत्र का जरूरी अंग होता है। दरअसल गाल ब्लैडर 'बाइल' स्टोर करता है जिसे हमारा लीवर बनाता है। 'बाइल' फैटी फूड्स को पचाने में मदद करता है। जब गाल ब्लैडर हमारे शरीर से बाहर निकल जाता है तो इसमें 'बाइल' स्टोर नहीं हो पाता। इससे बाइल लगातार टपकता रहता है जिससे या तो तेजी से वजन घटता है या फिर बढ़ता है। लेकिन हेल्दी लाइफस्टाइल को अपनाकर हम वजन में तेजी से आ रहे बदलाव से बच सकते हैं। खाने में उतनी ही कैलोरी लें जितनी आपके शरीर को जरूरत हो।
गाल ब्लैडर के ऑपरेशन के बाद बढ़ते वजन से बचने के लिए इन चीजों का सहारा ले सकते हैं-
-खाने में ज्यादा से ज्यादा सब्जियों, फलों और लो फैट दुग्ध उत्पादों को शामिल करें। लेकिन ये ताजे हों इस बात का ध्यान रखें।
-अधिक मात्रा में चीनी, नमक, फास्टफूड और ज्यादा फैट वाली चीजों को खाने से बचें।
-डॉक्टर की सलाह पर हल्के-फुल्के व्यायाम भी करते रहें।