Fitness Tips: AI को बनाएं अपना पर्सनल ट्रेनर, डाइट प्लान से लेकर वर्कआउट रूटीन बनाने में करेगा मदद
Fitness Tips : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आपके लिए घर बैठे ट्रेनर तलाश सकता है। कोपायलट, चैटजीपीटी या जैमिनी जैसे एआई टूल्स की मदद से आप कुछ ही मिनटों में अपना खुद का वर्कआउट और डाइट प्लान बना सकते हैं। वह भी अपनी सहुलियत और जरूरत के हिसाब से।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गर्मियों में लोगों को अपने स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत होती है। हालांकि फिटनेस के लिए सही गाइडेंस की जरूरत होती है। ऐसे में लोग ट्रेनर के पीछे भागते हैं या जिम की महंगी सदस्यता लेते हैं। जिम, ट्रेनर या फिटनेस एक्सपर्ट के लिए लोगों को काफी खर्च करना पड़ सकता है। लेकिन तकनीक के दौर में आप अपनी जेब में पड़े मोबाइल से दोस्ती कर सकते हैं और वह आपके लिए एक निजी ट्रेनर का इंतजाम कर देता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आपके लिए घर बैठे ट्रेनर तलाश सकता है। कोपायलट, चैटजीपीटी या जैमिनी जैसे एआई टूल्स की मदद से आप कुछ ही मिनटों में अपना खुद का वर्कआउट और डाइट प्लान बना सकते हैं। वह भी अपनी सहुलियत और जरूरत के हिसाब से।
एआई फिटनेस जर्नी में कैसे करता है मदद?
किसी भी एक AI-पावर्ड असिस्टेंट टूल्स की मदद से फिटनेस गाइडेंस ले सकते हैं। इसके लिए एआई को अपनी उम्र, स्वास्थ्य जानकारी या आदतों के बारे में बताएं। इसके बाद एआई आपके लिए सामान्य भाषा में एकदम पर्सनल फिटनेस प्लान तैयार कर सकता है। इसके लिए लिखें,
- 'ऐसा वर्कआउट प्लान बताओ जो 30 मिनट का हो और फैट बर्न करने में मदद करे।'
- 'ऐसी स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज बताओ जो ऑफिस में बैठने के कारण होने वाले दर्द से राहत दें।'
- 'डेली मॉर्निंग स्ट्रेचिंग प्लान चाहिए, आसान और जल्दी होने वाला।'
एआई आपके इनपुट को प्रोसेस करता है और इंटरनेट से सबसे बेहतर सुझाव आपके लिए ढूंढ कर लाता है, जिसे एक आसान, समझने योग्य फॉर्मेट में आपके सामने पेश करता है।
AI से बनाएं डाइट प्लान भी
वर्कआउट के साथ डाइट भी फिटनेस का अहम हिस्सा है। डायटीशियन इसके लिए आपसे महंगी फीस वसूलते हैं। लेकिन AI आपकी इस मुश्किल का हल चुटकियों में कर सकता है। आप AI से ही अपने वर्कआउट, शरीर की जरूरतों और मौसम के हिसाब से डाइट प्लान पूछ सकते हैं। जैसे,
- 'मेरे लिए एक समर फ्रेंडली, हाई प्रोटीन डाइट चार्ट बनाओ।'
- 'ऐसे 10 हेल्दी स्नैक्स बताओ जो वजन भी न बढ़ाएं और एनर्जी भी दें।'
- 'गर्मी के हिसाब से डाइट प्लान बनाओ, जो एक्सरसाइज के दौरान मेरी एनर्जी को बनाए रखें।'
AI आपके हेल्थ को ट्रैक भी करेगा
इन दिनों वॉक के दौरान स्टेप्स गिनने का चलन है। मसलन आप प्रतिदिन कितना स्टेप्स चलते है। यह ट्रेंडिंग हेल्थ बिहेवियर में शामिल हो गया है। AI अब न केवल आपके डेली स्टेप्स का डाटा पढ़ सकता है, बल्कि आपके बॉडी मास इंडेक्स (BMI), उम्र, वजन और फिटनेस गोल्स के आधार पर यह भी बता सकता है कि आपके स्टेप्स पर्याप्त हैं या नहीं। उदाहरण के तौर पर, अगर 6,000 कदम चले हैं और आपका BMI 27 है, तो एआई यह सुझाव दे सकता है कि आपको फैट बर्निंग जोन में पहुंचने के लिए कम से कम 8,500 स्टेप्स की जरूरत है। इतना ही नहीं, एआई यह भी बता सकता है कि इन स्टेप्स के दौरान आपने कितनी कैलोरी बर्न की, हृदय गति कितनी रही, और अगले दिन के लिए क्या टारगेट होना चाहिए।
नोट: ध्यान रखें कि एआई प्रशिक्षित डॉक्टर या ट्रेनर नहीं है, इसलिए वह आपके शरीर की स्थिति गहराई से समझ नहीं सकता है। AI आपके फिटनेस सफर को शुरू करने में मदद कर सकता है, लेकिन अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं तो कोई भी नया प्लान अपनाने से पहले एक बार डॉक्टर या फिटनेस एक्सपर्ट की सलाह लेना जरूरी है।