UP Police Exam: विश्व की सबसे बड़ी परीक्षा में मिलेगा 60,000 लोगों को रोजगार, 48 लाख युवाओं की किस्मत दांव पर
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश में यूपी पुलिस की भर्ती परीक्षा 17 और 18 फरवरी को आयोजित होने जा रही है। इसे विश्व की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा भी कहा जा रहा है, क्योंकि इसमें 48 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी यूपी पुलिस में भर्ती होने के लिए परीक्षा देंगे। इसमें 15.48 लाख महिलाएं भी शामिल हैं। प्रशासन ने भर्ती परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के कराने के लिए पुख्ता तैयारियां की हैं।
यूपी के हर जिले में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और हर अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक जांच कर परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न कराने का निर्णय किया गया है। हर परीक्षा केंद्र में पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी, जिससे किसी भी गड़बड़ी पर रोक लगाई जा सके। पुलिस बल को और मजबूती देने के लिए कुल 60,244 पुलिस आरक्षी पदों पर भर्ती के लिए 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के सभी 75 जनपदों के 2385 सेंटर पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
योगी के लिए चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वादा किया था कि प्रदेश की किसी भी परीक्षा में कोई गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। इस तरह देखें तो बिना गड़बड़ी के परीक्षा संपन्न कराना, खुद योगी आदित्यनाथ के लिए भी बड़ा चैलेंज है। विशेषकर यह देखते हुए कि कई प्रदेशों में परीक्षाओं में बड़ी धांधली की बात सामने आती रही है, जिसके बाद कभी परीक्षा निरस्त करनी पड़ती है, तो कभी दोबारा परीक्षा कराने की नौबत आती है। कई बार इस तरह की परीक्षाएं अदालती प्रक्रिया में भी फंस जाती हैं जिससे युवाओं का भविष्य अधर में लटक जाता है। इसलिए यदि योगी आदित्यनाथ सरकार इस परीक्षा को बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न करा लेती है तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
कितने अभ्यर्थी
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में कुल 48,17,441 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें 15,48,969 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। केंद्रों पर शनिवार 17 फरवरी को प्रथम और द्वितीय दोनों पालियों में 12,04, 360 अभ्यर्थियों की परीक्षा देंगे, जबकि रविवार 18 फरवरी की प्रथम पाली में 12,04,361 और द्वितीय पाली में 12,04,360 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
दूसरे राज्यों के युवा भी आजमा रहे किस्मत
इस परीक्षा में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त अन्य राज्यों से छह लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसमें बिहार के 2,67,305 अभ्यर्थी, हरियाणा के 74769 अभ्यर्थी, झारखंड के 17112 अभ्यर्थी, मध्यप्रदेश के 98400 अभ्यर्थी, दिल्ली के 42259 अभ्यर्थी, राजस्थान के 97277 अभ्यर्थी, उत्तराखंड के 14627 अभ्यर्थी, पश्चिम बंगाल के 5512 अभ्यर्थी, महाराष्ट्र के 3151 अभ्यर्थी तथा पंजाब के 3404 अभ्यर्थी शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा
सरकार ने प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी यूपी पुलिस भर्ती की परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए फूलप्रूफ प्लान बनाया है। अभ्यर्थियों के बायोमैट्रिक वैरिफिकेशन के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) की अध्यक्ष डीजी रेणुका मिश्रा ने बताया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप परीक्षा के लिए विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की गई है।