यूपी: 12वीं पास की भर्ती, 20 हजार रुपए सैलरी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ ने विभिन्न सरकारी विभागों में आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) के पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इन पदों पर नियुक्ति हेतु भारतीय नागरिकों से आवेदन पत्र मंगाए गए हैं। विज्ञापित पदों में रिक्तियों की संख्या 635 है।
इन पदों को भरने की शैक्षिक योग्यता 12वीं पास के साथ-साथ डीओईएसीसी द्वारा सीसीसी या समकक्ष प्रमाणपत्र निर्धारित की गई है। इसके अलावा सभी आवेदकों के पास हिंदी आशुलेखन और हिंदी टंकण में क्रमशः 80 शब्द प्रति मिनट और 25 शब्द प्रति मिनट की गति का होना आवश्यक है। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 01 जुलाई, 2015 से की जाएगी। आरक्षित वर्ग को अधिकतम उम्र सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
तो ऐसे कर सकते हैं आवेदन
विज्ञापित पदों पर ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदक इन पदों के लिए आवेदन शुल्क ऑनलाइन के जरिये या चालान के माध्यम से जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन 13 मार्च, 2015 से शुरू होगा। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल, 2015 निर्धारित की गई है।
इन पदों पर आवेदन करने वाले आवेदकों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल परीक्षण और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। उम्मीदवारों का अंतिम चयन मेरिट के अनुसार होगा। इन पदों के लिए 5,200 से 20,200 रुपये वेतनमान निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन आवेदन तथा अन्य आवश्यक जानकारी व निर्देश के लिए उम्मीदवार http://upsssc.gov.in पर लॉग ऑन करें।