सीपीसीएल भर्ती 2026: 10वीं पास से एमबीए तक वालों के लिए वैकेंसी, बिना लिखित परीक्षा होगा चयन; जानें अंतिम तिथि
सीपीसीएल भर्ती 2026 के तहत 10वीं पास से लेकर एमबीए और इंजीनियरिंग डिग्री धारकों के लिए अप्रेंटिस पदों पर आवेदन का मौका है। इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन बिना लिखित परीक्षा के मेरिट के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 12 अक्तूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CPCL) ने 22 सितंबर 2026 को अप्रेंटिस भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। कंपनी ने अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत ट्रेड, तकनीशियन और ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक उम्मीदवार संबंधित अप्रेंटिसशिप पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
एनएटीएस/एनएपीएस पोर्टल पर आवेदन करने की आखिरी तारीख 12 अक्तूबर 2026 है। उम्मीदवारों का चयन संबंधित ट्रेड के लिए जरूरी योग्यता में मिले अंकों के प्रतिशत के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा।
क्या होनी चाहिए योग्यता?
- ट्रेड अप्रेंटिस (आईटीआई): 10वीं पास होने के साथ फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मोटर वाहन मैकेनिक, मशीनिस्ट, रेफ्रिजरेशन एवं एसी मैकेनिक, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, ड्राफ्ट्समैन (सिविल/मैकेनिकल) या कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट में 2 साल का मान्य आईटीआई कोर्स।
- लैब असिस्टेंट (केमिकल प्लांट): फिजिक्स, गणित या जीव विज्ञान के साथ केमिस्ट्री में बीएससी।
- गेस्ट हाउस सर्विस असिस्टेंट: 10वीं पास।
- ग्रेजुएट अप्रेंटिस (नॉन-इंजीनियरिंग): बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए या बीबीए की डिग्री।
- ग्रेजुएट अप्रेंटिस (सेक्रेटेरियल ऑफिस असिस्टेंट-ऑयल एंड गैस): किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री, लेकिन इंजीनियरिंग डिग्री नहीं होनी चाहिए।
- एग्जीक्यूटिव (एचआर)-ऑयल एंड गैस: एमबीए (एचआर), एमएसडब्ल्यू, कार्मिक प्रबंधन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा या कार्मिक प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध में 2 साल का पूर्णकालिक कोर्स।
- ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इंजीनियरिंग): केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन/इंस्ट्रूमेंटेशन, सिविल, कंप्यूटर साइंस, आईटी, फायर एंड सेफ्टी या एनवायरनमेंटल प्रोटेक्शन एंड सेफ्टी में बीई/बीटेक।
- तकनीशियन अप्रेंटिस (इंजीनियरिंग डिप्लोमा): केमिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन या इंस्ट्रूमेंटेशन में डिप्लोमा।
- ट्रेड अप्रेंटिस (डेटा एंट्री ऑपरेटर-फ्रेशर): 12वीं पास, लेकिन ग्रेजुएशन नहीं किया होना चाहिए।
- ट्रेड अप्रेंटिस (डेटा एंट्री ऑपरेटर-कुशल प्रमाणपत्र): 12वीं पास और ग्रेजुएशन से कम योग्यता। साथ ही, मान्यता प्राप्त संस्थान से ‘डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर’ का स्किल सर्टिफिकेट होना चाहिए।
आयु सीमा और चयन की शर्तें क्या?
अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 26 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अक्तूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
उम्मीदवारों का चयन संबंधित ट्रेड के लिए जरूरी योग्यता में मिले अंकों के प्रतिशत के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। यानी चयन के लिए अलग से लिखित परीक्षा या इंटरव्यू का उल्लेख नहीं किया गया है।
कितना मिलेगा वेतन?
अप्रेंटिस पदों के लिए उम्मीदवारों को 4,800 रुपये से लेकर 12,300 रुपये प्रति माह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि, स्टाइपेंड की राशि संबंधित ट्रेड या पद के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
कैसे करें आवेदन?
- सबसे पहले संबंधित अप्रेंटिस पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- नए उम्मीदवार पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें।
- लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरें।
- अपनी शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दर्ज करें।
- आवेदन फॉर्म को ध्यान से जांचकर सबमिट करें।