झारखंड: प्रदेश में रसोइया-संयोजिकाओं का आंदोलन, 25-26 नवंबर को विधानसभा घेराव की तैयारी
झारखंड विद्यालय रसोइया-संयोजिका संघ 25 और 26 नवंबर को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान प्रदर्शन करेगा। विधानसभा परिसर के निकट कुटे मैदान में 24 जिलों की रसोइया-संयोजिकाएं जुटेंगी। संघ ने विधानसभा घेराव की तैयारी भी की है।
विस्तार
झारखंड में अपनी लंबित मांगों को लेकर विद्यालय रसोइया-संयोजिका संघ एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में जुट गया है। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष सत्र के दौरान संघ की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए राज्यभर की रसोइया और संयोजिकाएं विधानसभा परिसर के निकट कुटे मैदान में जुटेंगी। संघ ने विधानसभा घेराव की भी तैयारी की है। इस आंदोलन में झारखंड के सभी 24 जिलों की रसोइया-संयोजिकाओं के शामिल होने की संभावना है।
संघ की नेता अनीता देवी केशरी ने कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र होने जा रहा है, लेकिन सरकार ने संघ के प्रतिनिधियों से वार्ता करना भी उचित नहीं समझा। इससे रसोइया-संयोजिकाओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहीं कर्मियों के सब्र का बांध अब टूट चुका है। इस बार सभी 24 जिलों की रसोइया-संयोजिकाएं एकजुट होकर राजधानी पहुंचेंगी और सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेंगी। अनीता देवी केशरी ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मांगों का समाधान नहीं होने पर संघ इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
