झारखंड: आदिवासी अधिकारों की आवाज उठाने वाली निशा भगत ने आत्महत्या की, बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा
आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले फेसबुक लाइव में उन्होंने सरकार और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए थे। बाबूलाल मरांडी ने सीबीआई जांच और गिरफ्तारी की मांग की है।
विस्तार
आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए राज्य सरकार और जमीन कारोबार से जुड़े कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनकी मौत के बाद झारखंड के राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
बाबूलाल मरांडी ने गहरा दुख जताया
इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि निशा भगत की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। आदिवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता को आखिर किन परिस्थितियों में यह कदम उठाना पड़ा, इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
पढे़ं: जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने का आदेश हाईकोर्ट ने किया खारिज, हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत
मरांडी ने कहा कि आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव के माध्यम से निशा भगत ने जिस पीड़ा और व्यवस्था के प्रति निराशा को व्यक्त किया, वह राज्य की मौजूदा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में जमीन दलालों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है। अजय तिर्की जैसे लोग राज्यभर में सक्रिय हैं। जब कोई सामाजिक कार्यकर्ता इनके खिलाफ आवाज उठाता है तो उसकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं होती। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन पर भी निशाना साधा। मरांडी ने कहा कि मंचों से आदिवासी अधिकारों की बात की जाती है, लेकिन धरातल पर आदिवासी समाज की स्थिति अलग है।
मरांडी ने पिठौरिया थाने के दरोगा और अजय तिर्की की तत्काल गिरफ्तारी के साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए मामले में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। वहीं, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि निशा भगत ने फेसबुक लाइव के माध्यम से सिस्टम की पोल खोली है। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।