झारखंड: पॉक्सो मामले की रिपोर्टिंग पर पत्रकार की गिरफ्तारी का मामला पहुंचा एनएचआरसी, सरकार से मांगी रिपोर्ट
झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से जुड़े पॉक्सो मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी पर एनएचआरसी ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
विस्तार
झारखंड में 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से जुड़े पॉक्सो मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले में झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 12 के तहत दर्ज शिकायत पर यह कार्रवाई की है। शिकायत में नाबालिग से जुड़े पॉक्सो मामले की जांच, स्थानीय समाचार संगठन के कार्यालय में पुलिस की छापेमारी, पत्रकारिता से जुड़े उपकरणों की जब्ती और नाबालिग से संबंधित आरोपों के आधार पर पत्रकार की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए गए थे।
शिकायत में पूरे घटनाक्रम की जांच और पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बाद आयोग की पीठ ने मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के संबंधित अधिकारियों को शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। आयोग ने झारखंड के मुख्य सचिव और डीजीपी से दो सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग मामले में की गई कार्रवाई की समीक्षा करेगा। इस मामले में आयोग की कार्यवाही की प्रति केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी सूचना के लिए भेजी गई है।
एनएचआरसी का यह संज्ञान ऐसे समय में आया है, जब झारखंड में नाबालिग से जुड़े संवेदनशील मामले की रिपोर्टिंग के बाद पत्रकार की गिरफ्तारी, समाचार संगठन के कार्यालय में कथित छापेमारी और उपकरणों की जब्ती को लेकर पत्रकार संगठनों ने चिंता जताई है। आयोग के निर्देश के बाद अब राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायत में लगाए गए आरोपों पर अपनी रिपोर्ट देनी होगी।
