झारखंड: निशा भगत की मौत पर भाजपा का कैंडल मार्च, मधु कोड़ा बोले- आत्महत्या मानकर मामला खत्म नहीं कर सकते
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि निशा भगत की मौत को महज आत्महत्या मानकर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
विस्तार
आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और उनकी मौत की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा की पश्चिमी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से चाईबासा में कैंडल मार्च निकाला गया। जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में निकला यह मार्च पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर शहीद पार्क चौक पहुंचा। यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर निशा भगत को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि निशा भगत की मौत को महज आत्महत्या मानकर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। पूरे प्रकरण की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि निशा भगत ने सीएनटी एक्ट और आदिवासियों की जमीन से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया था, वे बेहद गंभीर हैं। भाजपा इन मुद्दों को दबने नहीं देगी और निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाती रहेगी।
जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष दुर्गावती बोयपाई ने कहा कि महिलाओं, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को लगातार प्रताड़ित किया जाता है। निशा भगत के साथ हुई घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
ये भी पढ़ें- झारखंड: स्वच्छता सर्वेक्षण में जमशेदपुर का जलवा, राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय समारोह में किया सम्मानित
कैंडल मार्च में प्रदेश सदस्य जेबी तुबिद, सतीश पुरी, पूर्व जिला अध्यक्ष संजू पांडे, जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, युवा मोर्चा अध्यक्ष चंद्रमोहन तिऊ, जिला मंत्री श्रीति दास उर्फ रूपा सिंह दास, नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, पंकज खिरवाल, हेमंत केसरी और हेमंती विश्वकर्मा समेत सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
