Jharkhand News: आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन पर्व में जुएल ओरम ने की घोषणा
Ranchi News: रांची में संगठन पर्व के दौरान आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। जुएल ओरम ने घोषणा की, वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी और साहू ने संगठन विस्तार व जनमुद्दों पर संघर्ष का संकल्प जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। बुधवार को राजधानी रांची के कार्निवल हॉल में आयोजित संगठन पर्व कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी जुएल ओरम ने आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर पार्टी संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नाम घोषित
कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई। घोषित सूची में करिया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चम्पई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पी.एन. सिंह, रविंद्र राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप साही, जीतू चरण राम, अभय कांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, अन्नपूर्णा देवी, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा शामिल हैं।
जुएल ओरम ने जताया भरोसा
चुनाव प्रभारी जुएल ओरम ने कहा कि झारखंड में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए संगठन को एकजुट रखने का आह्वान किया।
बाबूलाल मरांडी ने दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आदित्य साहू के साथ उनका राजनीतिक सफर बूथ स्तर से शुरू होकर प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड का गठन भाजपा के प्रयासों से हुआ, लेकिन 25 वर्षों बाद भी राज्य अपेक्षित विकास से पीछे है, जिसे बदलने के लिए संगठित कार्यकर्ताओं की ताकत को पहचानना होगा।
पढ़ें- Jharkhand: अंश-अंशिका का अपहरण किसने किया था? रांची में आंदोलन के बाद बरामद बच्चों के साथ दो गिरफ्तार
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद क्या बोले आदित्य साहू?
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद आदित्य साहू ने दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया तथा झारखंड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार के लिए वे तन-मन से जुटेंगे और अंतिम पायदान पर खड़े कार्यकर्ता को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।
सरकार पर आरोप और आगे की रणनीति
आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था, आदिवासियों की सुरक्षा और घुसपैठ जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के सवालों को लेकर गांव-गांव जाएगी। कार्यक्रम में अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, दीपक प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन के बाद गाजे-बाजे के साथ आदित्य साहू खुली जीप में सवार होकर प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.