पंखे से लटके मिले पति-पत्नी के शव: छह महीने पहले की थी लव मैरिज, बहन बोली- गले में मिली चुन्नी नेहा की नहीं
मृतक की पहचान विजय कुमार और उसकी पत्नी नेहा उर्फ सीमा के रूप में हुई है। नेहा बिहार के भागलपुर के रहने वाली थी, जबकि विजय महाराष्ट्र का रहने वाला था।
विस्तार
पंजाब के लुधियाना में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां किराए के मकान में छह महीने पहले प्रेम विवाह के बंधन में बंधे नवविवाहित दंपती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही पंखे से लटके हुए मिले। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और मकान मालिक जहां इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रहे हैं, वहीं मृतका की बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नेहा बिहार तो विजय महाराष्ट्र का रहने वाला था
मृतक की पहचान विजय कुमार और उसकी पत्नी नेहा उर्फ सीमा के रूप में हुई है। नेहा बिहार के भागलपुर के रहने वाली थी, जबकि विजय महाराष्ट्र का रहने वाला था। सूचना मिलने के बाद थाना पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी।
मकान मालिक ने खिड़की से देखी लाश
विजय और नेहा की छह महीने पहले लव मैरिज हुई थी और दोनों ही प्रताप सिंह वाला इलाके में दिनेश कुमार के घर किराए पर रहने लगे थे। रविवार सुबह जब काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो मकान मालिक दिनेश कुमार को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मकान मालिक ने पीछे की खिड़की से झांककर देखा तो पति-पत्नी के शव फंदे से लटक रहे थे।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाली लाशें
सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पीएयू पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शवों को कब्जे में लिया और मोर्चरी भिजवाया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतका की बड़ी बहन सोनिया ने पुलिस की आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं।
बहन बोली- ये आत्महत्या नहीं, मर्डर है
सोनिया का कहना है कि शनिवार शाम को ही उसकी दोनों से हंसते हुए सामान्य बात हुई थी। उसने तर्क दिया कि दोनों का कुल वजन करीब डेढ़ क्विंटल था, फिर भी पंखे की पंखुड़ी का न मुड़ना और जिस चुन्नी से शव लटके थे उसका नेहा का न होना बड़े संदेह पैदा करता है। परिजनों ने शरीर पर नाखून के निशान मिलने का दावा करते हुए मकान मालिक से भी कड़ाई से पूछताछ की मांग की है।
पिता बोले- कभी कभी होती थी दोनों की लड़ाई
उधर, मृतक विजय के पिता खड़गे ने पुलिस से इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की अपील की है ताकि सच्चाई सामने आ सके। पिता के अनुसार दोनों के बीच मामूली कहासुनी जरूर होती थी, लेकिन वे जल्द ठीक हो जाते थे। मकान मालिक का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों में झगड़ा हुआ था, जिसे उन्होंने सुलझाया था। थाना पीएयू पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है, लेकिन परिजनों के बयानों और हत्या के शक को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।