झारखंड: निशा भगत केस में ज्योत्सना केरकेट्टा की सफाई, बोलीं- भाजपा और आरएसएस मुझे साजिश के तहत फंसाने में जुटे
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों पर ज्योत्सना केरकेट्टा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों पर राजनीतिक साजिश के तहत फंसाने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया।
विस्तार
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अपने ऊपर लग रहे आरोपों को लेकर ज्योत्सना केरकेट्टा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग उन्हें इस मामले में जानबूझकर फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निशा भगत के साथ उनकी कोई जातीय दुश्मनी नहीं थी, बल्कि दोनों के विचार अलग-अलग थे।
ज्योत्सना केरकेट्टा ने कहा कि उन्होंने और निशा भगत ने मिलकर किडनी आंदोलन में संघर्ष किया था। निशा भगत के निधन पर उन्हें गहरा दुख है। एक आदिवासी समाज की बेटी की मौत हुई है, जो बेहद दुखद है। इसके बावजूद इस पूरे मामले में उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: BPSC-BPSSC की परीक्षाओं में बदलाव की मांग, छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व वाले संगठन ने क्या सुझाव दिए?
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह खुद भी मानसिक तनाव में हैं। उनका आरोप है कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों ने पहले निशा भगत को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने की स्थिति तक पहुंचाया। अब उन्हें भी मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
ज्योत्सना ने कहा कि आदिवासी समाज इस तरह की घटनाओं को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पूरे मामले में उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत घसीटा जा रहा है।
