फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   jharkhand terror in the shadow of elections

चुनावों में खौफ़ के साए में बिरसा की धरती

Sun, 13 Apr 2014 11:00 AM IST
Updated Sun, 13 Apr 2014 11:00 AM IST
विज्ञापन
jharkhand terror in the shadow of elections

झारखंड की राजधानी रांची से सटे जिले खूंटी जाने के लिए जब निकला, तो चुनावी प्रचार का शोर ख़ूब सुनाई पड़ा, लगा वाकई चुनाव अपने रंग पर है। पौने घंटे में ही हम शहरी भीड़ से दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर थे।

विज्ञापन


अचानक पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। हमने उनसे पूछा क्या खूंटी में प्रवेश कर चुके हैं, जवाब मिला, "बिल्कुल आप खूंटी में हैं।"

उन्होंने तलाशी ली, फिर जाने को कहा। चलते- चलते मन में सवाल घूम गए कि खूंटी में क्यों पसरा है ख़ौफ़ का साया।

माओवादियों के फ़रमान का असर

jharkhand terror in the shadow of elections

खूंटी पहुंचे, तो पता चला कि कथित माओवादियों ने शहर में भी दस्तक दी है। कई जगहों पर उन्होंने वोट बहिष्कार के पोस्टर और बैनर लगाए हैं। पखवाड़े भर पहले ही माओवादियों ने खूंटी के एक गांव में पुलिस वाहन को बारूदी सुरंग विस्फोट में उड़ा दिया था।

छोटे से क़स्बाई शहर की सड़कों पर नज़रें दौड़ाई, तो राजनीतिक दलों के इक्का-दुक्का होर्डिंग्स, कटआउट ही नज़र आए। प्रचार के लिए भोंपू का शोर भी बहुत कम। अलबत्ता रामनवमी को लेकर महावारी पताकाओं से शहर ज़रूर अटा पड़ा था।

विज्ञापन
विज्ञापन

दहशत के साए में चुनाव

jharkhand terror in the shadow of elections

एक राजनीतिक कार्यकर्ता ने नाम नहीं लिखने के भरोसे पर बताया कि खूंटी, तोरपा के बड़े ग्रामीण इलाकों में चुनावी प्रचार करने के लिए राजनीतिक दलों के उम्मीदवार, कार्यकर्ता अब तक नहीं पहुंच सके हैं। राजनीतिक कार्यकर्ताओं को कथित माओवादी संगठन प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर धमकाते रहे हैं।

उनका कहना था कि सुदूर इलाकों में मतदान पुलिस बलों की तैनाती पर निर्भर करता है और वोट किसे मिलेगा यह बहुत हद तक माओवादियों के फ़रमान पर निर्भर करता है। तो क्या हथियरबंद दस्ते उम्मीदवारों, दलों की मदद करते हैं? कार्यकर्ता का जवाब था, "निश्चित तौर पर। जिसकी हथियारबंद दस्ते से सेटिंग तगड़ी हुई, वही जंगल, पहाड़ के गांवों का वोट पाएगा।"

विज्ञापन

कौन से इलाके हैं ज्यादा खतरनाक ?

jharkhand terror in the shadow of elections

रविवार को बीरबांकी गांव में आम आदमी पार्टी के आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार करने के दौरान संदिग्धों ने अपने क़ब्ज़े में ले लिया था। क़रीब 18 घंटे बाद सभी कार्यकर्ता किसी तरह संदिग्धों की घेराबंदी से निकलकर वापस खूंटी लौटे।

'आप' की उम्मीदवार दयामणि बारला कहती हैं कि उन लोगों को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। वह बताती हैं कि खूंटी के ग्रामीण इलाकों में भय दहशत का माहौल है। खूंटी संसदीय क्षेत्र के लिए 17 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं। आदिवासियों के लिए यह आरक्षित सीट है।

इस संसदीय क्षेत्र में छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें खूंटी जिले का खूंटी, तोरपा, रांची जिले का तमाड़, सिमडेगा जिले के सिमडेगा, कोलेबिरा के अलावा सरायकेला खरसावां विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सरायकेला को छोड़कर सभी विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं, जबकि खूंटी सबसे खतरनाक है।

कैसी है सुरक्षा व्यवस्था?

jharkhand terror in the shadow of elections

यह वही खूंटी है जहां जयपाल सिंह मुंडा, एनइ होरो सरीखे आदिवासी नेता हुए। भाजपा के करिया मुंडा यहां से सात बार चुनाव जीते हैं। इस बार भी वे चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनावों के मद्देनज़र केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी खूंटी को अति संवेदनशील बताते हुए राज्य सरकार और पुलिस को सतर्क करते हुए एहतियात बरतने को कहा है।

दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आरक्षी उपमहानिरीक्षक प्रवीण सिंह बताते हैं, "खूंटी अति संवेदनशील इलाक़े के रूप में चिन्हित है कथित माओवादी संगठन लगातार वोट बहिष्कार पर जोर दे रहे हैं। बहुत जल्दी खूंटी में बड़ी तादाद में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। वोटरों के बीच से डर दूर किया जाएगा। पुलिस ने इसकी रणनीति तैयार कर ली है।"

उम्मीदवार भी हैं परेशान

jharkhand terror in the shadow of elections

आजसू पार्टी के उम्मीदवार नियेल तिर्की कहते हैं कि एक ख़ास उम्मीदवार के इशारे पर ही कथित हथियारबंद दस्ते दूसरे दलों के उम्मीदवार को परेशान कर रहे हैं। झारखंड विकास मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा के मुताबिक़ शहर से बाहरी इलाक़ों में चुनाव प्रचार करने जाना सुरक्षित नहीं है।

दहशत और ख़ौफ़ को समझने के लिए हम खूंटी के सुदूर गांवों तक पहुंचे। खूंटी से तैमारा की दूरी 30 किलोमीटर है। सड़क अच्छी है, पर दूर-दूर तक सन्नाटा नज़र आता है। रास्ते में कोई मिला भी तो उसने खुलकर बात करने से कन्नी काट ली।

रास्ते में चुनाव प्रचार का एक भी वाहन नहीं दिखा और न ही गांव की गलियों में कोई ऐसा नज़ारा कि भोंपू के शोर के पीछे बच्चे भाग रहे हैं- लाल-पीला हरा पंपलेट लूटने के ख्याल से।

धमकी से परेशान लोग

jharkhand terror in the shadow of elections

टोडंगकोल, हितूटोला गांव से गुजरते हुए हम बिरजला गांव पहुंचे। कुछ महिलाएं पेड़ों के नीचे इमली चुन रही थीं। गांव के युवक थॉमस बताते हैं कि डर से प्रचार करने वाले इधर नहीं आते। उन लोगों (हथियारबंद दस्ता) ने वोट बहिष्कार की धमकी दे रखी है।

बिरजला से थोड़ी दूर पर मारंगहदा गांव में साप्ताहिक हाट लगा था। ग्रामीणों से बातचीत में पता चला कि अब पहले जैसे दिन नहीं रहे। सांझ ढलने से पहले लोग घरों को लौटने लगते हैं। वजह, आसपास कई दफा हत्या की वारदात हुई है।

आबादी के हिसाब से खूंटी झारखंड का छोटा ज़िला है, लेकिन अपराध और नक्सली हिंसा की घटनाओं पर ग़ौर करें, तो यह संवेदनशील हैं। साल 2008 से 2013 यानी छह साल में कुल छह सौ हत्याएं हुई हैं, इनमें अकेले नक्सली हत्याओं की संख्या 109 हैं। छह साल में खूंटी जिले के पुलिस थानों में नक्सलियों से जुड़े 210 मुक़दमे दर्ज किए हैं।

खूंटी में सबसे ज्यादा असर

jharkhand terror in the shadow of elections

अपराध और नक्सली वारदातों पर लिखते रहे हिन्दी दैनिक प्रभात खबर के संवाददाता सुरजीत सिंह बताते हैं कि भौगोलिक इलाका दुरूह होने की वजह से कथित माओवादी संगठनों ने खूंटी को अपना ठिकाना बना लिया है।

संगठनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में लगातार हिंसक घटनाएं होती रही हैं। इससे भी ख़ौफ़ बढ़ा है। यहां संगीनों के साए में ही वोट पड़ेंगे। मारंगहदा हाट से आगे बढ़ने पर एक आदिवासी बुजुर्ग सोनो हास्सा से बात होने लगी। वह मुंडारी भाषी थे।

उनकी कसक यह कि क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की धरती पर हिंसा, ख़ौफ़, दहशत हावी हो गई है। उन्होंने कहा, "अब सांझ ढलते जंगलों, पहाड़ों में ढोल, मांदर की आवाज़ भी सुनाई नहीं पड़ती हैं। आदिवासी इलाक़ा अशांत हो गया है।"

दहशत से निजात कब ?

jharkhand terror in the shadow of elections

मारंगहदा हाट से दूसरी रास्ता पर आगे बढ़े, तो सपारोम गांव मिला। गांव के बिरसा मुंडा, चंदापाहन और रतन सिंह मुंडा एक पत्थर पर बैठे थे, बाकी कुछ बच्चे खेल रहे थे। रतन सिंह मुंडा ने बताया कि कुछ दिन पहले चुनाव प्रचार करने वाले उधर से गुज़रे तो थे लेकिन रुके नहीं। उसके बाद कोई नहीं आया।

मारंगहादा रोड पर ही लुपुंगडीह गांव है। सड़क किनारे सरकारी स्कूल है। स्कूल के बोर्ड पर भाकपा माओवादी का पोस्टर लगा है। लेकिन कोई उसे हटाने की हिम्मत नहीं करता। दो दिन के दौरे में हम दर्जनों गांवों से गुज़रे और इस दरम्यान इक्का-दुक्का राजनीतिक कार्यकर्ता ही नज़र आए। वह भी डरे-सहमे या खतरे वाले इलाकों से बच निकलने की हड़बड़ी में।

प्रचार गाड़ियों में झंडे-पोस्टर भी नहीं दिखे। कहीं कोई बड़ा नेता नजर नहीं आया और न तो आम, इमली, महुआ के पेड़ों के नीचे पहले की तरह आदिवासियों की कोई सभा, बैठकें दिखीं और न ही नेताओं के स्वागत के लिए चना, गुड़ पानी, साल के फूल दिखे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed