Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Transport: Preparations for the Delhi-Panipat-Karnal Namo Bharat Corridor gain momentum

परिवहन: दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की तैयारी तेज, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ सुरंग का काम जल्द होगा शुरू

Thu, 26 Nov 2026 02:44 AM IST
दुष्यंत शर्मा शनि पाथौली/संदीप वर्मा, नई दिल्ली
शनि पाथौली/संदीप वर्मा, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Thu, 26 Nov 2026 02:44 AM IST
सार

करीब 33,051 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कॉरिडोर के दिल्ली वाले हिस्से में निर्माण से पहले जमीन की मजबूती की जांच की जाएगी।

विज्ञापन
Transport: Preparations for the Delhi-Panipat-Karnal Namo Bharat Corridor gain momentum
सांकेतिक चित्र - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली से हरियाणा के पानीपत और करनाल तक नमो भारत ट्रेन चलाने की परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 33,051 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इस कॉरिडोर के दिल्ली वाले हिस्से में निर्माण से पहले जमीन की मजबूती की जांच की जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) सराय काले खां से सिंघु बॉर्डर तक जमीन की भार वहन क्षमता का आकलन कराएगा। इसके लिए निगम ने शुरुआती पाइल लोड टेस्ट की निविदा जारी की है। इस काम को पूरा करने के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है।

विज्ञापन


परीक्षण के जरिए पता लगाया जाएगा कि जमीन के भीतर प्रस्तावित नींव कितना भार सहन कर सकती है। साथ ही खंभों, पुलों और अन्य संरचनाओं के निर्माण के लिए मिट्टी की प्रकृति और नींव की आवश्यक गहराई का आकलन किया जाएगा। जांच के नतीजों के आधार पर निर्माण की तकनीकी योजना तैयार होगी। दिल्ली में घनी आबादी, व्यस्त सड़कों और भूमिगत सेवाओं के बीच कॉरिडोर विकसित किया जाना है। ऐसे में निर्माण शुरू होने से पहले जमीन की स्थिति का आकलन परियोजना के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन


प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई 136.30 किलोमीटर होगी। यह दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होकर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए सोनीपत, पानीपत और करनाल तक पहुंचेगा। इसके लिए दिल्ली-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समानांतर मार्ग विकसित करने की योजना है। कॉरिडोर पर कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें अधिकांश स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि कश्मीरी गेट स्टेशन भूमिगत बनाया जाएगा। दिल्ली में इस कॉरिडोर के छह स्टेशन होंगे। इनमें इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झरोदा माजरा, भलस्वा, अलीपुर और नरेला शामिल हैं। कश्मीरी गेट को छोड़कर बाकी पांच स्टेशन एलिवेटेड होंगे। इन स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ने की योजना है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सराय काले खां बनेगा क्षेत्रीय परिवहन का बड़ा केंद्र
सराय काले खां को क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अलावा प्रस्तावित दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी-अलवर कॉरिडोर भी जुड़ेगा। इससे अलग-अलग शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और परिवहन के साधन बदलने की जरूरत कम होगी।

परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा प्रस्तावित
कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली से पानीपत का सफर करीब एक घंटे और करनाल का सफर लगभग 90 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। ट्रेन की अधिकतम डिजाइन गति 180 किलोमीटर प्रतिघंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रतिघंटा प्रस्तावित है। इससे कुंडली, सोनीपत, मुरथल, गन्नौर, समालखा और पानीपत जैसे औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की दिल्ली से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसका लाभ नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को भी मिल सकता है।

2030 तक पूरा करने का है लक्ष्य
हरियाणा सरकार ने इस कॉरिडोर को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति के दायरे में शामिल किया है। इससे प्रस्तावित स्टेशनों के आसपास आवासीय, व्यावसायिक और अन्य विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। खासकर सोनीपत, पानीपत और करनाल में नए आर्थिक अवसर विकसित हो सकते हैं। परियोजना को लगभग 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। करनाल तक विस्तार के साथ इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में तकनीकी बदलाव भी शामिल किए गए हैं। फिलहाल निर्माण से पहले जमीन की जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Trending Videos

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर की सुरंग बनाने का काम जल्द शुरू होगा

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ मेट्रो कॉरिडोर में जल्द ही भूमिगत सुरंग बनाने का काम शुरू होगा। इसके लिए सराय रोहिल्ला स्टेशन पर डायफ्राम वॉल का निर्माण किया जा रहा है। यह काम पूरा होते ही टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) उतारकर सुरंग बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के फेज-4 के तहत बन रहे 12.377 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर का करीब 11 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। इस मार्ग पर सभी 10 स्टेशन भूमिगत होंगे। इसके शुरू होने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मैजेंटा लाइन करीब 89 किलोमीटर लंबी हो जाएगी और दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन बनेगी।

डीएमआरसी ने नौ जुलाई 2026 को सराय रोहिल्ला स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण के साथ इस कॉरिडोर का काम शुरू किया था। सितंबर 2026 तक परियोजना की प्रगति 5.05 फीसदी दर्ज की गई थी, जो नवंबर में बढ़कर लगभग 11 फीसदी हो गई है। फिलहाल सराय रोहिल्ला में भूमिगत स्टेशन की दीवार बनाने का काम चल रहा है। दूसरी ओर, करोल बाग के अजमल खान पार्क स्टेशन के आसपास निर्माण स्थल की घेराबंदी और यातायात संकेतक लगाने की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

पांच स्टेशनों पर सात लाइनों से इंटरचेंज
कॉरिडोर के पांच स्टेशनों पर सात मेट्रो लाइनों से जुड़ने की सुविधा मिलेगी। इंद्रलोक पर रेड और ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली पर येलो और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन और इंद्रप्रस्थ पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज होगा। इससे उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली से मध्य दिल्ली, आईटीओ और इंद्रप्रस्थ आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन तक पहुंच भी आसान होगी।

करोल बाग और पुरानी दिल्ली को मिलेगा फायदा
इस कॉरिडोर पर इंद्रलोक, दया बस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खान पार्क, झंडेवालान मंदिर, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय-आईजी स्टेडियम और इंद्रप्रस्थ स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे करोल बाग, पहाड़गंज, झंडेवालान और पुरानी दिल्ली के आसपास के इलाकों की मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी। अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली सचिवालय और भारत मंडपम तक पहुंचना भी सुविधाजनक होगा।

चालक रहित परिचालन के लिए तैयार हो रही लाइन
मैजेंटा लाइन को शुरू से ही स्वचालित और चालक रहित परिचालन के अनुकूल विकसित किया जा रहा है। नए कॉरिडोर के जुड़ने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक पूरे मार्ग पर चालक रहित मेट्रो चलाने की व्यवस्था होगी। परियोजना को मार्च 2024 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिली थी। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ और लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर की संयुक्त स्वीकृत लागत 8,399 करोड़ रुपये है। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed