कुपवाड़ा में सेना ने ढे़र किए तीन आतंकी, मुठभेड़ जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। फिलहाल सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। सेना ने पूरे इलाके को घेरा बंदी कर ली है।
सेना के 18 राष्ट्रीय राइफल्स को सुबह लोलाव के जंगलों में पांच से छह आतंकियों के ग्रुप के छुपे होने की खबर मिली थी। जिसके बाद सेना ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरु कर दिया था। इसी बीच दोब्वन के जंगलों में सेना और आतंकियों की मुठभेड़ शुरु हो गई।
सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम के तलाशी अभियान के दौरान उग्रवादियों ने जंगल के अंदर से गोलीबारी शुरू कर दी और सेना का घेरा तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया।
तीनों आतंकियों के शव बरामद
इस बीच, सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है फिलहाल तलाशी अभियान चल रहा है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि, तीनों आतंकियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। उनके पास से कई एके-47, एवं काफी मात्रा में युद्ध का साजो-सामान बरामद किया गया है।
इससे पहले बुधवार को कुपवाड़ा जिले में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें आतंकी बच निकले थे। इसके बाद से सुरक्षाबलों की ओर से लगातार उनकी खोज में अभियान चलाया जा रहा था।
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में सेना ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए चार आतंकियों को ढेर कर दिया था। इस दौरान सेना का एक जवान भी शहीद हो गया था।