पंजाब के बमियाल से 25-26 जून की रात लश्कर के आतंकी कर सकते हैं घुसपैठ
सीमा पार पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों के आकाओं ने कश्मीर में सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर के आतंकियों को श्री अमरनाथ यात्रा पर हमले करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा 25-26 जून की रात पाकिस्तान से बमियाल बार्डर के रास्ते आतंकियों को घुसपैठ कराने की भी सीमा पार साजिश रची गई है।
दिल्ली की स्पेशल सेल ने पंजाब पुलिस को इस संबंध में अलर्ट भेजा है। इसमें कहा गया है कि बमियाल इलाके में आतंकी घुसपैठ कर सकते हैं। इनका मकसद दो जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाना है।
पुलिस और सैन्य ठिकानों को भी आतंकी निशाना बना सकते हैं। खुफिया एजेंसियों के इनपुट में कहा गया है कि पंजाब के बमियाल इलाके के सामने पाकिस्तान के पहाड़ी पुर इलाके से तीन आतंकी घुसपैठ की फिराक में हैं।
बीते वर्ष भी यात्रा के दौरान हुआ था हमला
यह 25 और 26 जून की रात को घुसपैठ कर सकते हैं। इसके बाद आतंकी स्थानीय संपर्क की मदद से अमरनाथ यात्रा शुरू होने तक छिपे रहेंगे। खुफिया एजेंसियों ने यह भी इनपुट दिए हैं कि कश्मीर में सक्रिय हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी भी अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने की फिराक में है।
हिजबुल के कुछ आतंकी डोडा जिले में छिपे हैं। ऐसे भी इनपुट हैं कि आतंकी हाईवे से सटे इलाकों में छिपे हैं और अमरनाथ यात्रा को निशाना बना सकते हैं।
बीते वर्ष भी अमरनाथ यात्रा के दौरान उधमपुर में नरसू नाले के पास आतंकियों ने हमला किया था। इसमें श्रीनगर की ओर जा रही बीएसएफ की बस को निशाना बनाया था। इसमें दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक पाकिस्तानी आतंकी मार गिराया गया था और एक अन्य पाकिस्तानी आतंकी को जिंदा पकड़ लिया गया था।