जम्मू कश्मीर सरकार में पीडीपी के मंत्री की पत्नी ने महबूबा से मांगा इस्तीफा
कश्मीर में हिंसा को लेकर पहले ही विपक्षी पार्टियों का विरोध झेल से रही महबूबा मुफ्ती के सामने एक और मुश्किल खड़ी हो गई है। जम्मू कश्मीर सरकार के वित्त मंत्री हसीब द्रबू की पत्नी रूही नाजकी ने महबूबा सरकार का विरोध करते हुए महबूबा मुफ्ती से इस्तीफे की मांग की है।
उन्होंने फेसबुक पर लिखी पोस्ट में कहा कि, प्रदर्शनकारियों पर सरकार की कार्रवाई को ‘अनैतिक, अधर्म, दुखद और गलत’ बताते हुए कहा कि कश्मीर में पिछले चौदह दिन से जो कुछ हो रहा है वह बहुत बुरा है।
बच्चों की नृशंस हत्या, प्रदर्शनों पर आपराधिक कार्रवाई व अपंग करना और पूरी आबादी को शर्मनाक रूप से बंद कर देना गलत है।
उन्होंने आगे लिखा, हमारे देश के सुरक्षाबलों के हाथों कश्मीर के बच्चे मारे जा रहे हैं। पिछले दो दशक से ऐसा हो रहा है तो भी यह गलत है। यह गलत है सारी एजेंसियां मिलकर कश्मीर को जलाना चाहती हैं। दिन रात चाहे जो कारण बताए जाएं यह गलत है। चाहे कोई भी हमें कारण बताएं यह गलत है।
'लोकतांत्रिक देश में पूरी आबादी को कई दिनों तक बंधक बना लिया'
उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि उनके जवान शरीरों में पैलेट कौन उड़ेल रहा है। एक लोकतांत्रिक देश में पूरी आबादी को कई दिनों तक बंधक बना लिया जाता है, वो भी बिना जरूरी सुविधाओं, फोन, अखबारों के और यह सब लोकप्रिय रूप से चुनी गई सरकार के आंखों के सामने हो रहा है। जिनके पास ताकत हैं उन्हें या तो आगे आना होगा या फिर उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। मुझे लगता है कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई अनैतिक, दुखद और गलत है।
कौन है रूही नाजकी ?
महबूबा सरकार में वित्त मंत्री हसीब द्राबू की पत्नी रूही नाजकी शिक्षा मंत्री व पीडीपी नेता नईम अख्तर, राजस्व मंत्री बशरत बुखारी और इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस सैयद जावेद मुज्तबा गिलानी की कजिन हैं। नाजकी टाटा एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं और हाल ही में उन्होंने श्रीनगर में टी हाउस शुरू किया है। उनके टी हाउस चाय जय का उद्घाटन मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इसी साल की शुरुआत में किया था।