कुलगाम में पुलिस पार्टी पर आतंकी हमला, 4 पुलिसकर्मी घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड इलाके में रविवार की शाम आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद आतंकियों की धरपकड़ के लिए इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया।
घायल होने वाले पुलिसकर्मियों की शिनाख्त हेड कांस्टेबल मंजूर अहमद, कांस्टेबल मो. अल्ताफ, मो. याकूब और मंजूर मौलवी के रूप में हुई है। बताते हैं कि काजीगुंड थाने की पुलिस जिप्सी में सवार होकर भूमि संबंधी विवाद को सुलझाने के लिए गई थी।
वापसी में बोनीगाम के पास आतंकियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इसमें घायल पुलिसकर्मियों को पीएचसी काजीगुंड में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें 92 आर्मी बेस हास्पिटल श्रीनगर में शिफ्ट कर दिया गया। एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इसी महीने अनंतनाग में ताबड़तोड़ हुए थे हमले
घटना के तत्काल बाद सेना तथा एसओजी ने पूरे इलाके को घेर लिया। पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाने के साथ ही नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई। सुरक्षाबलों पर पिछले नौ दिनों में किया गया यह तीसरा आंतकी हमला है।
इससे पहले अनंतनाग जिले में इसी महीने की शुरूआत में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ हमले किए थे। बिजबिहाड़ा में बीएसएफ कानवाय पर हमला करने के अगले ही दिन पहलगाम इलाके में पुलिस पार्टी पर भी निशाना साधा गया था। बीएसएफ के तीन जवान शहीद हुए थे जबकि पहलगाम में दो पुलिस वालों की जान गई थी।