रियासी। जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी विंटर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए दो मैचों में पमोट पैंथर और बीसीसी चंद्रकोट ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहले मैच में पमोट की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 167 रन बनाए। बल्लेबाज शुभम शर्मा ने 47, अनुदीप सिंह ने 25, राजिंदर ने 25, केशव शर्मा ने 13 व अजीत कुमार ने 19 रन बनाए। राइजिंग स्टार के गेंदबाज अंश शर्मा ने तीन, शुभम शर्मा व आकाश ने दो दो, जबकि साहिल व मंजीत ने एक एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए राइजिंग स्टार 20 ओवर समाप्त होने तक सात विकेट के नुकसान पर 119 ही बना सकी और मैच को 48 रनों से गवां दिया। बल्लेबाज मंजीत सिंह ने नाबाद 40 रन बनाए। वहीं शुभम ने 19, साहिल ने 12 और आकाश ने 10 रन बनाए। पैंथर की तरफ से रोहित कौल ने तीन, जबकि शुभम शर्मा, रिशु और अनुदीप सिंह ने एक एक विकेट लिया। पैंथर के शुभम शर्मा को बेहतरीन पारी खेलने पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। दूसरे मैच में बीसीसी चंद्रकोट ने जेके इलेवन शोपियां को 24 रनों से हराया। बीसीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए। बल्लेबाज आदिल गुलडान ने शानदार 64 रन बनाए। वहीं नासिर बशीर ने 20, गोकुल गुप्ता ने 19 और आसिफ मंजूर ने नाबाद 22 रन बनाए। शोपियां के गेंदबाज फैजान मुख्तार, फैजान डार, गौहर लेगी, फैसल डार और फैसल लेफ्टी ने एक एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए शोपियां के बल्लेबाज फैजान मुख्तार ने 54 रन बनाए लेकिन वह अपनी टीम को हार से बचा नहीं पाए। 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 154 रन ही बने। अन्य बल्लेबाज साकिब नजीर ने 24 और गोहर लेगी ने नाबाद 26 रन बनाए। बीसीसी की तरफ से नासिर रसूल और अंकुश बंदराल ने दो दो विकेट लिए। वहीं अमीर लेफ्टी, पंकज वर्मा और डार जुनैद को एक एक विकेट मिला। आदिल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। मैच में युवा व्यवसायी अमित शर्मा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।