Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Udhampur News ›   jammu kashmir news

Udhampur News: कीवी उत्पादन में प्रदेश में पहले और देश में 7वें रैंक पर बसंतगढ़ के संजय

विज्ञापन
jammu kashmir news
उधमपुर। पहाड़ों की जमीन पर संभावनाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो बस उन्हें पहचान कर सही दिशा में आगे बढ़ने की। इस बात को बसंतगढ़ के रहने वाले प्रगतिशील किसान संजय कुमार सायलिया ने अपने प्रयासों से साबित करने की पहल की है। कभी पारंपरिक खेती तक सीमित रहने वाले क्षेत्र में उन्होंने व्यावसायिक कीवी की खेती और आधुनिक कृषि नवाचार के क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर में पहला और राष्ट्रीय स्तर पर सातवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विज्ञापन


आज संजय का प्रयास केवल बागवानी तक सीमित नहीं है, बल्कि कीवी की पौध तैयार करने, किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करने, फल की खरीद, खाद्य प्रसंस्करण और बाजार तक उत्पाद पहुंचाने की एक पूरी व्यवस्था विकसित करने की ओर बढ़ रहा है। संजय का लक्ष्य बसंतगढ़ और सियोज घाटी की जलवायु और कृषि क्षमता को पहचान दिलाकर जम्मू-कश्मीर को कीवी उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है। संजय कुमार सयालिया ने पहाड़ी क्षेत्रों की जलवायु और मिट्टी की संभावनाओं को देखते हुए कीवी की खेती को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से बाग विकसित करने के साथ हरे और लाल कीवी की किस्मों पर भी काम किया। धीरे-धीरे उन्होंने पौध तैयार करने, नर्सरी विकसित करने और कीवी के बाग लगाने की तकनीक को अपने काम का हिस्सा बनाया।
विज्ञापन



संजय कुमार ने खेती के प्रति रुचि के चलते वर्ष 2016 में एक-दो पौधों से शुरू किया था। धीरे-धीरे अनुभव बढ़ा और वर्ष 2020-21 में उन्होंने खेती को व्यावसायिक रूप देने का निर्णय लिया। वर्तमान में उनके पास तीन कनाल में कीवी की बागवानी है, जबकि दो कनाल भूमि में सेब के करीब 400 पौधे लगाए हैं। सेब के पौधों को अभी दो साल हुए हैं और उनसे पैदावार शुरू होने में समय लगेगा। संजय कुमार के अनुसार कीवी की खेती से होने वाली आय के साथ उनकी नर्सरी भी कमाई का जरिया बनी हुई है। वह कीवी के पौधे तैयार करने के साथ दूसरे किसानों को पौधे उपलब्ध करवाते हैं और उनका पौधरोपण भी करवाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

मंत्रियों के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का भी मिला निमंत्रण
संजय के इस प्रयास को प्रशासनिक स्तर पर भी पहचान मिली है। उपायुक्त अनंत द्विवेदी ने उनके कीवी और सेब के बाग का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कीवी की खेती, नर्सरी विकास और इससे जुड़े नवाचारों के प्रयासों को देखा और सराहा। संजय को मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की ओर से भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के निमंत्रण मिल चुके हैं। उनके अनुसार इन अवसरों के माध्यम से वह पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि उद्यमिता और किसानों के लिए उपलब्ध संभावनाओं को व्यापक मंच तक पहुंचाना चाहते हैं।

छोटे आकार के कीवी से बना रहे चाय, जैम और अचार
कीवी की बिक्री में फलों के आकार और गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग ग्रेड बनाए जाते हैं। ए और बी ग्रेड के फल आसानी से बाजार में बिक जाते हैं, लेकिन सी और डी ग्रेड के छोटे आकार वाले फलों को बेचने में परेशानी आती थी। इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए संजय ने छोटे फलों की प्रोसेसिंग कर नए उत्पाद तैयार करने का विचार किया। अब वह कीवी से चाय, जैम और अचार तैयार कर रहे हैं। इससे उन फलों का भी इस्तेमाल हो रहा है, जिन्हें सामान्य बाजार में बेचने में दिक्कत आती थी। संजय कुमार के अनुसार फिलहाल कीवी का अचार और जैम 250 ग्राम के पैक में 250 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, कीवी की चाय का एक बाक्स 999 रुपये में तैयार किया जा रहा है। इन उत्पादों के माध्यम से वह कीवी की खेती को प्रोसेसिंग से जोड़कर इसका अधिकतम इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

पत्नी के साथ मिलकर संभाल रहे कारोबार
कीवी की खेती को बड़े स्तर पर व्यवसाय से जोड़ने के उद्देश्य से संजय ने अपनी कंपनी स्थापित की है। जिसका पंजीकरण 25 सितंबर 2026 को हुआ है। इसका मुख्य उद्देश्य कीवी की खेती से लेकर पौध तैयार करने, किसानों से फल खरीदने, उत्पादों की प्रोसेसिंग और उनकी मार्केटिंग तक की गतिविधियों को एक ही व्यवस्था के तहत विकसित करना है। कंपनी में संजय कुमार सयालिया संस्थापक हैं, जबकि उनकी पत्नी निशु देवी भी नामित भागीदार हैं। संजय के फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिए वह शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में उनका स्टार्टअप आइडिया चयनित हुआ है और इसके तहत उन्हें फंडिंग तथा तकनीकी सहयोग मिल रहा है। कीवी से अलग-अलग उत्पाद तैयार करने के उनके विचार को विश्वविद्यालय के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

किसानों और युवाओं को जोड़कर रोजगार का माडल तैयार करने का कक्ष्य
संजय का अगला लक्ष्य क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को कीवी की व्यावसायिक खेती से जोड़ना है। इसके लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे उपलब्ध करवाने, बाग लगाने की योजना तैयार करने, तकनीकी मार्गदर्शन देने और बागों के प्रबंधन में सहयोग करने की योजना है। इसके साथ ही किसानों से तैयार फल की खरीद और उसकी प्रोसेसिंग व मार्केटिंग की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। संजय के अनुसार इससे ग्रामीण युवाओं को केवल नौकरी तलाशने के बजाय कृषि आधारित उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

कोट
संजय कुमार ने कीवी की खेती में जिस तरह मेहनत और नए प्रयोगों से अपनी पहचान बनाई है, वह दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है। इन्हें अधिकतर किसान जागरूकता कार्यक्रमों में बुलाते हैं, ताकि दूसरे किसान भी उनके अनुभवों और खेती के तरीकों को समझ सकें और अन्य किसान भी बागवानी और कीवी की खेती अपनाने के लिए प्रेरित हों।
- राजेश गुप्ता, जिला स्तरीय सब्जेक्ट मैटर स्पेशलिस्ट, बागवानी विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed