उधमपुर/चिनैनी। मनरेगा की बकाया देनदारियों को तत्काल जारी करने मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। चिनैनी-घोरड़ी के वरिष्ठ नेता जगदेव सिंह जग्गा की ओर से आरडीडी विभाग के खिलाफ वीरवार से शुरू की गई प्रदर्शनों की श्रृंखला दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को जगदेव सिंह जग्गा ने पंचायत कटवालत गौरी कुंड के सरपंच सोम राज गोस्वामी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान मनरेगा की साल 2016, 17 और 18 की लंबित देनदारियों का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि एमजीनरेगा की बकाया देनदारियों को तत्काल रिलीज किया जाना चाहिए। जिसमें बहुत सारी ऑफलाइन लायबिलिटीज भी शामिल हैं। यह सभी रूरल इंजीनियरिंग विंग के तकनीकी विंग की कमजोरियों की वजह से समय पर ऑनलाइन नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि तत्कालीन राज्य सरकार की सीएम महबूबा मुफ्ती ने उधमपुर जिले में प्रोजेक्ट राहत की शुरुआत करवाई थी, जिसका उद्धघाटन मोदी ग्राउंड उधमपुर में हुआ था। पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अब वर्तमान सरकार 60-40 की रेशो का उल्लघंन होने की बात कहकर स्थानीय विक्रेताओं को पेमेंट नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी काम एस्टीमेट अप्रूबल और अथॉरिटी के बाद ही शुरू करवाए जाते हैं। जिन लोगों ने काम किया है उन्हें उनके पैसे नहीं मिलने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इसलिए उपराज्यपाल से अपील है कि जल्द पैसा जारी किया जाए।