उधमपुर। मिशन युवा के तहत शुक्रवार सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। इस रोजगार मेले में 10 कंपनियों में विभिन्न पदों के लिए 250 से अधिक युवाओं ने साक्षात्कार दिया। इनमें से करीब 80 प्रतिशत 200 उम्मीदवारों का चयन हो गया और कुछ आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया। इस मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को एक ही छत के नीचे विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराना था। मेले में 10वीं से स्नातक तक शिक्षित उम्मीदवारों को बुलाया गया था। जिला रोजगार केंद्र की सहायक निदेशक प्रियंका गुप्ता ने बताया कि बेरोजगारी दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यह रोजगार मेला लगाया गया था। इसमें रोजगार प्रदाता 10 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 250 से अधिक युवाओं का पंजीकरण हुआ। मेले में भारती एयरटेल, श्री राम जनरल इंश्योरेंस, यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस, जेएंडटी इंटरनेशनल, एलआईसी, एबीआई लाइफ, इंस्टो हेल्थकेयर, विजय बिल्डर्स, पुखराज हेल्थकेयर, देलीवरी, राजश्री मोटर्स और अर्बन मनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। सहायक निदेशक प्रियंका ने कहा कि रोजगार मेले के अलावा विभाग की तरफ से मिशन युवा के तहत भी युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है इसके तहत युवा सरकारी मदद से स्वरोजगार भी कर सकते हैं। संवाद