घाटी में फिर टारगेट किलिंग: पुलवामा में पंजाब के रहने वाले दो लोगों को आतंकियों ने मारी गोली, दोनों की हालत गंभीर
आतंकियों ने पुलवामा में दो लोगों को निशाना बनाया है। दोनों ही पंजाब के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि वह पोल्ट्री वाहन लेकर वहां पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के लिट्टर इलाके में पोल्ट्री की गाड़ी लेकर आए दो गैर-कश्मीरियों को आतंकियों ने रविवार की शाम गोली मार दी। घायलावस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पंजाब के पठानकोट के रहने वाले हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि आतंकियों को दबोचा जा सके।
नवापोरा में पोल्ट्री गाड़ी को घेरकर हमला कर दिया
पुलिस ने बताया कि शाम लगभग सवा सात बजे आतंकियों ने लिट्टर इलाके के नवापोरा में पोल्ट्री गाड़ी को घेरकर हमला कर दिया। आतंकियों की फायरिंग में पठानकोट निवासी चालक सुरिंदर व खलासी धीरज दत्त घायल हो गए। सुरिंदर के सीने में गोली लगी है और वह गंभीर है।
सुरिंदर श्रीनगर रेफर, धीरज का पुलवामा में ही चल रहा इलाज
उसे विशेषीकृत इलाज के लिए श्रीनगर के श्री महाराजा सिंह अस्पताल में भेज दिया गया है। खलासी को पैर में गोली लगी है और उसका इलाज जिला अस्पताल पुलवामा में हो रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. बीएस तुल्लाह ने बताया कि सुरिंदर को श्रीनगर रेफर किया गया है, जबकि धीरज दत्त का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया ताकि उन्हें धर दबोचा जाए।
आईजी कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि पूरे इलाके में दबिश दी जा रही है। जल्द ही हमला करने वाले आतंकियों को या तो धर दबोचा जाएगा या फिर उन्हें मार गिराया जाएगा।
पिछले माह दो मजदूरों को मारी थी गोली
पिछले महीने आतंकियों ने दो मजदूरों गोली मारी थी। इसके तहत 21 मार्च को पुलवामा जिले के गांजू इलाके में बिहार के रहने वाले मजदूर बिश्वजीत कुमार को गोली मार दी थी। इससे एक दिन पहले यानी 20 मार्च को पुलवामा में बिजनौर के रहने वाले बढ़ई मोहम्मद अकरम (40) को गोली मार दी गई थी। पिछले साल 17 अक्तूबर को कुलगाम में एक घर में घुसकर बिहार के रहने वाले तीन मजदूरों को गोली मार दी थी। जिसमें दो की मौत हो गई थी।