आतंक पर प्रहार: पाकिस्तान से चला रहा था नेटवर्क, सोपोर में हिजबुल आतंकी की करोड़ों की जमीन कुर्क
बारामुला के सोपोर में पाकिस्तान से हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी नेटवर्क चला रहे फरार आतंकी राशिद-उद-दीन कुरैशी की 2 कनाल जमीन कुर्क कर ली गई। पुलिस ने बताया कि आतंक के वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए ऐसे आतंकियों और उनके मददगारों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान में रहकर कश्मीर में आतंक का नेटवर्क चलाने वाले एक आतंकी की सोपोर में लाखों की संपत्ति कुर्क कर ली गई। वह हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा एक घोषित अपराधी है। यह कार्रवाई पुलिस थाना पंजल्ला में ईएंडआईएमसीओ अधिनियम की धारा 2/3 के तहत दर्ज एफआईआर के सिलसिले में की गई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार राशिद-उद-दीन कुरैशी निवासी नादिहाल रफियाबाद हथियार और गोला-बारूद का प्रशिक्षण लेने के लिए गैर-कानूनी रूप से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) चला गया था। इसके बाद वह वहां हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ गया। वह वर्तमान में पाकिस्तान से ही कश्मीर में हिजबुल के आतंकी नेटवर्क के लिए काम कर रहा है।
प्रवक्ता ने बताया कि राशिद लंबे समय से फरार है। न्यायालय ने उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। अदालत के आदेश के बाद राजस्व विभाग के सहयोग से नादिहाल में स्थित उसकी 2 कनाल भूमि कुर्क कर ली गई है। स्थानीय जांच और राजस्व रिकॉर्ड के उचित सत्यापन के बाद इस जब्ती को अंजाम दिया गया।
तीन दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई
आतंकवादियों के मददगारों, फरार अपराधियों और सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं के खिलाफ पिछले तीन दिनों के भीतर सोपोर पुलिस द्वारा की गई यह तीसरी बड़ी जब्ती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आतंक के वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुंछ में चलाया तलाशी अभियान नदी, नालों व खेतों को खंगाला
जिले में सुरक्षाबलों ने शनिवार शाम आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान शुरू किया। सूत्रों के अनुसार शाम को आतंकी देखे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने मेंढर के जड़ांवाली गली, बींबर गली व गुरसाई और पुंछ जिले के सावजियां व लोरन को घेर लिया। सेना, पुलिस और एसओजी के जवानों ने जंगलाें, नदी-नालों और खेतों को खंगाला।
सूत्रों के अनुसार जिले में लश्कर-ए-ताइबा और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों की मौजूद होने की सूचना है। हालांकि सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह नियमित कार्रवाई है। इस बीच पुंछ नगर व आसपास क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसओजी नगर के मुख्य चौराहों पर विशेष नाके लगाकर बाहर से आने वाले वाहनों की बारीकी से जांच कर रही है। गौरतलब है कि पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित कृष्णा घाटी में एक घुसपैठिया ढेर किए जाने के बाद जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।