Modi Kashmir Visit: पीएम दौरे को लेकर श्रीनगर में हाई अलर्ट, सात मार्च को बख्शी स्टेडियम में करेंगे रैली
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि पार्टी के विभिन्न विभागों को अलग-अलग कार्य सौंपे गए हैं। रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात मार्च को प्रस्तावित दौरे को लेकर श्रीनगर में हाई अलर्ट है। प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। शनिवार से ही शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। साथ ही आयोजन स्थल पर मॉक ड्रिल कर तैयारियों को जांचा गया है। उधर, रैली को लेकर भाजपा ने भी कमर कस ली है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सात मार्च को बख्शी स्टेडियम में प्रस्तावित रैली से पूर्व आयोजन स्थल को सुरक्षित करने के लिए एजेंसियों ने एक विशेष रोडमैप तैयार किया है। आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल के आसपास मल्टी टियर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसमें विशेष एनएसजी कमांडो, पुलिस और सीआरपीएफ के विशेष प्रशिक्षित कमांडो, सीसीटीवी, ड्रोन, क्वाडकॉप्टर, यूएवी व शार्प शूटर तैनात किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घाटी दौरे और बख्शी स्टेडियम में मेगा रैली को लेकर भाजपा की ओर तैयारियां जारी हैं। पार्टी की ओर से रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद की जा रही है।
वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद यह उनकी पहली रैली होगी। इस संबंध में शनिवार को भाजपा की एक विशेष बैठक हुई। वरिष्ठ नेता और कश्मीर संभाग के प्रभारी सुनील शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर नियमित बैठकें जिला स्तर, ब्लॉक स्तर और बूथ स्तर पर जारी हैं। रैली में संख्या को लेकर चर्चा हुई ताकि लोग जगह जगह से इसमें शामिल हों। जिस कश्मीर में भाजपा अछूती थी आज हर तबका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति पूरी आस्था रखता है।
वरिष्ठ नेता और वक्फ बोर्ड की चेयरमैन दरख्शां अंद्राबी के अनुसार कश्मीर के लोगों में प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर उत्साह है। लोकसभा चुनावों में भाजपा की ओर से सुझाए गए नाम पार्लियामेंट्री कमेटी में गए हैं, जहां से चयन होगा। बता दें कि इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2015 श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में एक रैली को संबोधित किया था जिस समय जम्मू कश्मीर में भाजपा और पीडीपी की गठबंधन सरकार थी।
रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि पार्टी के विभिन्न विभागों को अलग-अलग कार्य सौंपे गए हैं। रैली में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। भाजपा के महासचिव और जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ चार मार्च को बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।