Helpline Number: दिल्ली धमाके के बाद जेकेएसए ने जारी की हेल्पलाइन नंबर, कश्मीरी छात्रों को मिलेगा तुरंत समर्थन
दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद जम्मू-कश्मीर छात्र संघ (जेकेएसए) ने घाटी से बाहर पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर और तत्काल एडवाइजरी जारी की।
विस्तार
दिल्ली में विस्फोट के बाद अभिभावकों की बढ़ती चिंताओं के बीच जम्मू कश्मीर छात्र संघ (जेकेएसए) ने घाटी से बाहर पढ़ रहे छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साथ ही उत्पीड़न और आवासों से अचानक बेदखल करने की खबरों के बाद देश भर में कश्मीरी छात्रों के लिए तत्काल एडवाइजरी जारी की है।
राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहामी के अनुसार तुरंत कार्रवाई के लिए राज्य अधिकारियों के साथ राष्ट्रव्यापी समन्वय स्थापित किया। संघ ने हमले में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और दोहराया कि कश्मीरियों ने हमेशा आतंकवाद के सभी रूपों को खारिज किया है। इस बात पर जोर देते हुए दुख जताया है कि किसी एक की ओर से गलत कृत्य करने के बाद अकसर सभी कश्मीरियों को कटघरे में लाया जाता है जिससे बाहर रह रहे कश्मीरियों खासकर छात्रों में भय की स्थिति पैदा हो जाती है।
घटना के बाद कई कश्मीरी छात्रों को भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न राज्यों में छात्रों ने सत्यापन अभियान, धमकाने वाली पूछताछ, छात्रावासों में गड़बड़ी के बारे में बताया है।
धमकी या उत्पीड़न पर दें जानकारी
छात्रों को परिवारों के साथ संपर्क में रहने, निजी व्यक्तियों द्वारा किसी भी प्रकार की धमकी या उत्पीड़न की सूचना देने के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कई छात्र असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और आश्वासन दिया कि संघ यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि उन्हें ऐसी चुनौतियों का सामना अकेले न करना पड़े।
इन नंबरों पर किया जा सकता है संपर्क
तत्काल सहायता के लिए 9149676014, 7006922829, 8825005327, 9906299199, 6006169477, 7028642004, 9858445900, 9682381865, 7006724372, 9906385143, 8126655697, 7006028306, 7780931010, 7889425033 पर संपर्क किया जा सकता है।
उत्तराखंड में 1,700 कश्मीरी छात्रों पर कड़ी निगरानी
उत्तराखंड में पुलिस हाई अलर्ट पर है और 1,700 कश्मीरी छात्रों पर निगरानी रखी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि सोशल मीडिया पर बातचीत और ग्रुप चैट सहित उनकी संचार गतिविधियां देखी जा रही हैं। देहरादून में 1,700 से ज्यादा कश्मीरी छात्र नामांकित हैं।
एक नया सत्यापन अभियान चल रहा हैै। पुलिस ने डीआईटी, यूपीईएस, ग्राफिक एरा, डीबीएस सहित प्रमुख संस्थानों और सेलाकुई, प्रेमनगर, सिद्धूवाला समेत अन्य क्षेत्रों के संस्थानों से छात्रों का विवरण और उनकी सत्यापन स्थिति उपलब्ध कराने को कहा है।