राजोेरी। सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जे हटाने और विकास की अड़चनों को दूर करने के प्रयास को जारी रखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को एक और मामले में कब्जे से सरकारी भवन खाली करा लिया। तहसील थन्नामंडी में पंचायत घर बरनुई पर 23 साल से अवैध कब्जा था।
उपायुक्त राजेश शवन ने मामले से अवगत कराने के बाद एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की टीम भेज कर पंचायत घर खाली करवा दिया। इसी तरह एक अन्य मामले में जिला प्रशासन ने भरतपुर से शाहपुर तक सड़क का एक मुद्दा हल किया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों के एक समूह ने उपायुक्त से मुलाकात की और उन्हें सड़क के मुद्दे से अवगत कराया। मामले का संज्ञान लेने के बाद डीसी ने संबंधित अधिकारियों से मामले को जल्द से जल्द हल करने के लिए कहा। उपायुक्त के निर्देश के बाद एसडीएम थन्नामंडी जाकिर हुसैन, एसडीपीओ थन्नामंडी, तहसीलदार थन्नामंडी महमूद खान, बीडीओ मुजाहिर शाह और एसएचओ फरीद अहमद, संबंधित डीडीसी पार्षद अब्दुल कयूम मीर भी टीम के साथ मसले को हल करने के लिए पहुंचे और लंबित मुद्दा हल कर दिया।