राजोरी। कालाकोट हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं को शिक्षकों की कमी से परेशानी हो रही है। उन्हें शिक्षा ग्रहण करने में परेशानी हो रही है। कुछ छात्र-छात्राओं को वाहनों की व्यवस्था नहीं है। उन्हें भी यात्री वाहनों के अभाव में स्कूल आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बताया कि स्टाफ की कमी से उनकी शिक्षा काफी हद तक प्रभावित हो रही है, जबकि परीक्षा सिर पर है। सिलेबस अधूरा है। कई विषयों की हम पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। छात्र-छात्राओं ने यह भी बताया कि स्कूल में अंग्रेजी, शिक्षा, गणित, राजनीति शात्र विषयों के लेक्चरर नहीं हैं। न ही हम इन सब्जेक्ट पर पढ़ाई कर पाए हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कमी के चलते उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कीमती समय नष्ट हो रहा है। पहले कोविड-19 के चलते उनका बहुत अधिक समय घर में बैठे बरबाद हुआ है। अब स्कूल खुलने पर स्कूल तो आ रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के चलते उनका सिलेबस पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्हें नहीं पढ़ाया जा रहा है। वहीं कुछ छात्र-छात्राओं ने यह भी बताया कि स्कूल स्टाफ के साथ-साथ यात्री वाहनों की समस्या भी हमें परेशान कर रही है। तत्तापानी, भरो आदि गांवों से कालाकोट चलने वाला मात्र एक यात्री वाहन सुबह 11 बजे कालाकोट पहुंचता है। ऐसे में हमारे एक से दो विषय की पढ़ाई मिस हो जाती है। हम पढ़ नहीं पाते। उनकी यही मांग है कि स्कूल में स्टाफ के साथ-साथ यात्री वाहनों की भी व्यवस्था कराई जाए ताकि विद्यार्थी समय में अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ आवाजाही भी समय पर कर सकें।