राजोरी। जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से दो और मौतें हो गई हैं, जबकि सात बच्चों सहित 44 नए मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार राजोरी के डांगरी निवासी एक युवक को पॉजिटिव पाए जाने के बाद लुधियाना एक अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया था। लेकिन, उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, नौशेरा निवासी एक व्यक्ति की कटरा में उपचार के दौरान मौत हो गई।
वीरवार को कोेरोना संक्रमण के 44 नए मामले सामने आए हैं। उनमें दरहाल से पांच, कालाकोट से आठ, कंडी से सात, नौशेरा से दो, मंजाकोट से 20 और सुंदरबनी से दो लोग शामिल हैं। इन 44 कोरोना पॉजिटिव लोगों में दो से 17 वर्ष की आयु के सात बच्चे भी बताए जा रहे हैं। उपायुक्त के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें अब भी जिले के विभिन्न ब्लाकों में कोरोना सैंपलिंग और टेस्टिंग का कार्य कर रही हैं। जिले में कोरोना के नए मामले अब कम आ रहे हैं इसलिए उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने 38 और माइक्रो कंटेनमेंट इलाकों को पाबंदी मुक्त कर दिया है। इनमें नौशेरा तहसील के 10, कलाकोट के पांच, मंजकोट के 11, दरहाल से नौ और राजोरी के पांच इलाके शामिल हैं। जिले भर में सौ से भी अधिक इलाकों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर कड़ी पाबंदियां लगाई गई थीं करीब 55 इलाकों को बीते सोमवार को मुक्त कर दिया था।